हिमाचल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष का निधन, कांगड़ा के अस्पताल में तोड़ा दम

By: स्टाफ रिपोर्टर — भरमौर Nov 17th, 2020 12:50 pm

भरमौर — हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित तुलसी राम शर्मा का निधन हो गया है। कांगड़ा जिला के एक निजी अस्पताल में सोमवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 76 वर्ष के थे। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वह लंबे समय तक शिमला स्थित आईजीएमसी में भी उपचाराधीन रहे। लिहाजा उनके निधन का समाचार मिलते ही समूचा भरमौर विधानसभा क्षेत्र शोक में डूब गया है, वहीं हिमाचल भाजपा भी गमगीन है।

बता दें कि हिमाचल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष तुलसी राम को भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की रीढ़ माना जाता है। उन्होंने क्षेत्र में संगठन को खड़ा करने के लिए अपना अहम योगदान दिया और उनकी बदौलत ही भरमौर क्षेत्र में भाजपा एक मजबूत पार्टी के तौर पर उभरकर सामने आई। पता चला है कि वह कांगड़ा स्थित अपने आवास पर थे और अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिस पर उन्हें कांगड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था और वहां उनका निधन हो गया।

उनका पार्थिव देह भरमौर ले जाया जा रहा है और भरमौर स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। वह भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र से तीन मर्तबा भारतीय जनता पार्टी के विधायक चुने गए और इस दौरान 11 जनवरी, 2008 को उन्हें सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App