एचआरटीसी आज बाहरी राज्यों में नहीं भेजेगी एक भी बस

By: मंगलेश कुमार -हमीरपुर Nov 25th, 2020 7:52 pm

राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते दो दर्जन रूट किए बंद

दिल्ली, चंडीगढ़, होशियारपुर व लुधियाना रूटों पर नहीं मिलेगी निगम की बसें

यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लिया फैसला

हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर गुरुवार को राज्य के बाहर किसी भी रूट पर बस नहीं चलाएगा। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते निगम ने अपने एक दर्जन रूट तुरंत प्रभाव से बंद कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

बता दें कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल में देश की बड़ी 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनें गुरुवार को भाग ले रही हैं। इसके चलते एचआरटीसी डिपो हमीरपुर ने राज्य के बाहर दौडऩे वाले सभी रूट गुरुवार को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिए हैं। निगम की कोई भी बस दिल्ली, चंडीगढ़, होशियारपुर और लुधियाना रूटों पर नहीं चलेगी। बताया जा रहा है कि निगम ने बुधवार को भी दिल्ली के रूट बंद रखे। दिन भर निगम की बसें चंडीगढ़ रूटों पर दौड़ती रही। निगम की जो बसें दिल्ली में हैं, उन्हें वहीं रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ निगम की संपत्ति भी सुरक्षित रह सकें। ऐसे में हमीरपुर डिपो के दिल्ली के दो रूट, चंडीगढ़ के सात रूट, होशियारपुर के दो रूट और लुधियाना का एक रूट तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। निगम की ये सभी बस रूट 26 नवंबर को बंद रहेंगे।

ऐसे में निगम को जरूर झटका लगा है। क्योंकि निगम की दिल्ली-चंडीगढ़ रूट की बसों में ही ज्यादा यात्री सफर कर रहे थे। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली रूट की सभी बसें पिछले एक हफ्ते से एडवांस बुकिंग पर चल रही हैं। निगम को इसके चलते गुरुवार की एडवांस बुकिंग भी कैंसिल करनी पड़ी। यात्रियों को सिर्फ प्रदेश के अंदर ही निगम की लोकल व लांग रूट की बसों में सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

देश में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते राज्य के बाहर चलने वाले सभी रूट तुरंत प्रभाव से गुरुवार को बंद कर दिए हैं। निगम के दिल्ली, चंडीगढ़, होशियारपुर व लुधियाना के करीब एक दर्जन रूटों पर बसें नहीं चलेंगी। बुधवार को भी दिल्ली के सभी रूट बंद रहे। हमीरपुर डिपो की जो बसें दिल्ली में हैं, उन्हें वहीं रहने के निर्देश दिए गए हैं।

विवेक लखनपाल, तकनीकी प्रबंधक, हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App