खत्म होगी पांच साल की परिपाटी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप बोले, 2022 में फिर बनेगी भाजपा सरकार

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुनिहार Nov 25th, 2020 12:06 am

प्रदेश में पांच वर्ष भाजपा और पांच वर्ष कांग्रेस की सरकार बनने की परिपाटी को खत्म किया जाएगा। भाजपा संगठन व प्रदेश सरकार इस दृष्टि से कार्य कर रही है और वर्ष 2022 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। यह कहना है भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप का। श्री कश्यप ने मंगलवार को कुनिहार दौरे के दौरान ‘दिव्य हिमाचल’ से विशेष बातचीत में कहा कि संगठन व प्रदेश सरकार मिशन रिपीट-2022 को सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर कार्यरत हैं। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों को अपनी जनकल्याणकारी नीतियों के तहत लाभ पहुंचा रही हैं। जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश का समुचित विकास सुनिश्चित हो पाया है। सबसे प्रमुख ई-विस्तारक योजना है।

 पार्टी का प्रयास रहेगा कि पंचायत, बीडीसी व जिला परिषद सहित नगर निकाय स्तर पर पार्टी समर्थित उम्मीदवार जीतकर आएं और वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जी जान से कार्य कर एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दें। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रतन पाल व अर्की मंडलाध्यक्ष डीके उपाध्याय मौजूद रहे। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों पर उन्होंने कहा कि इसको लेकर प्रदेश सरकार काफी गंभीर है।

नहीं है कोई विवाद

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा की जा रही टिप्पणियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि कहीं पर किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं है। केंद्र में हमारी सरकार है और प्रदेश में भी हमारी सरकार है। केंद्र व प्रदेश के नेता एकजुटता के साथ संगठन व प्रदेश की भलाई के लिए कार्य कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App