रिसर्च में प्रदेश के डा. गौरव का डंका, क्लेरवेट एनालिटिक्स वेब ऑफ साइंस ग्रुप से मिला प्रभावशाली शोधकर्ता का दर्जा

By: टीम — सोलन, बिलासपुर Nov 20th, 2020 12:06 am

शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन के डा. गौरव शर्मा को क्लेरवेट एनालिटिक्स वेब ऑफ साइंस ग्रुप द्वारा वर्ष 2020 के लिए अत्यधिक उद्धृत शोधकर्ता के रूप में मान्यता दी गई है। बिलासपुर जिला के ब्रमली के रहने वाले डा. शर्मा दुनिया भर के कुल 6167 शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में भारत के केवल 20 शोधकर्ताओं में से एक हैं। उनकी इस उपलब्धि पर शूलिनी विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।  गौर रहे कि वेब ऑफ साइंस ग्रुप ने उन उच्च उद्धृत शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और सामाजिक वैज्ञानिकों की पहचान की है, जिन्होंने खोज में महत्त्वपूर्ण व्यापक प्रभाव का प्रदर्शन किया है, जो कई खोज  पत्रों के प्रकाशन के माध्यम से परिलक्षित हैं और पिछले कई दशकों के दौरान अक्सर उनके साथियों द्वारा उद्धृत किए जाते हैं।

शोधकर्ताओं को उनके असाधारण प्रभाव के लिए एक या अधिक 21 क्षेत्रों (आवश्यक विज्ञान संकेतक में उपयोग किए गए) में प्रदर्शन के लिए चुना जाता है। डा. गौरव शर्मा को पूरे क्षेत्र (क्रॉस फील्ड) की श्रेणी में उच्च उद्धृत शोधकर्ता से सम्मानित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में चुने गए शोधकर्ताओं की संख्या उस क्षेत्र में अत्यधिक बार उद्धृत खोज पत्रों में सूचीबद्ध लेखकों की संख्या  के वर्गमूल पर आधारित है। क्रॉस-फील्ड प्रभाव वाले लोगों की संख्या उन लोगों को खोजने से निर्धारित होती है, जिनके पास 21 क्षेत्रों में पहचाने गए लोगों के बराबर प्रभाव है। डा. गौरव शर्मा की उपलब्धि को शूलिनी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. पीके खोसला द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने इसे अनुसंधान पर विशेष जोर देने वाले विश्वविद्यालय के लिए बहुत गर्व का क्षण बताया। प्रो-वीसी प्रो. अतुल खोसला ने उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि डा. गौरव शर्मा ने प्रदेश और भारत को गौरवान्वित किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App