अटल जी की प्रतिमा अनावरण को तैयार

By: शकील कुरैशी-शिमला Dec 21st, 2020 12:23 am

राजधानी के रिज मैदान पर होगी स्थापित; 25 दिसंबर को होगा अनावरण, मुख्यमंत्री करेंगे या कोई और, जल्द होगा निर्णय

शकील कुरैशी-शिमला राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित होगी। रिज पर उनसे पहले महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी की भी प्रतिमाएं स्थापित हैं। 25 दिसंबर को  स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है और इस मौके पर उनकी प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। सरकार ने दौलत सिंह पार्क के एक छोर पर अटल की प्रतिमा को स्थापित किया है, जिस पर कैबिनेट ने निर्णय लिया था। इससे पहले रिज पर ही कहीं दूसरी जगह पर यह प्रतिमा स्थापित की जानी थी मगर इसका स्थान बदला गया। यहां जोर शोर से इस स्थल को विशेष बनाने के लिए काम किया जा रहा है। प्रतिमा को अभी ढंककर रखा गया है और 25 दिसंबर को इसका अनावरण किया जाएगा। अनावरण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे  या केंद्र से कोई नेता यहां आएंगे अभी यह तय नहीं है। शिमला के रिज मैदान पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा रिज की शोभा और बढ़ाएगी यह तय है। अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल से विशेष लगाव रहा है। मनाली के प्रीणी में उनका अपना घर है जहां पर वह आते-जाते रहते थे। यहां उनकी यादें आज भी ताजा हैं। इसलिए मनाली में भी स्वर्गीय वाजपेयी की प्रतिमा बनाई जा रही है, जिसे भी जल्दी अनावरित किया जाएगा। वाजपेयी ने हिमाचल को विशेष औद्योगिक पैकेज दिया था और इस पैकेज के मिलने के बाद राज्य में उद्योगों की रफतार बढ़ी। यहां पर बड़ा रोजगार इसके बाद ही मिल सका।

इसके अलवा हिमाचल के लिए अटल द्वारा चलाई गई प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना भी वरदान साबित हुई है। इससे यहां गांव गांव तक सड़कें पहुंची हैं। वहीं अटल सुरंग का तोहफा प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के लिए सबसे बड़ा था जो उन्होंने अपने दोस्त की सुविधा के लिए दिया, मगर हिमाचल का दर्द उसमें छिपा था। ऐसे में हिमाचल प्रदेश उनका ऋणी है और सरकार ने उनकी मृत्यु के बाद उनकी प्रतिमा यहां पर स्थापित करने का निर्णय लिया था। रिज मैदान पर जोरदार ढंग से इसका काम चल रहा है जहां पर अभी कर्मचारियों ने प्रतिमा की स्थापना तो कर दी है, लेकिन उसके चहूंओर के स्थान को बनाने में जुटे हैं। क्रिसमस के दिन अटल जी का जन्मदिन मनाया जाता है और सरकार चाहती है कि इसी दिन उनकी प्रतिमा का रिज पर अनावरण हो। दो दफा इस काम का जायजा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद ले चुके हैं और अब प्रतिमा अनावरण के लिए तैयार है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App