देश में कोरोना से कैसा है माहौल, क्या कह रहे आंकड़े, जानने के लिए पढ़े यह खबर

By: एजेंसियां — नई दिल्ली Dec 1st, 2020 12:07 pm

नई दिल्ली — देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में काफी गिरावट आई है और विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में मामले तिहायी अंक से नीचे रहे तथा स्वस्थ होने वालों की तादाद में लगातार इजाफा होने से सक्रिय मामलों में जबरदस्त कमी आई है, जिससे इसकी दर 4.60 फीसदी पर आ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 31,118 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 94.62 लाख हो गया।

इस दौरान 41,985 मरीज स्वस्थ हुए और इसी के साथ कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद 88.89 लाख हो गई। सक्रिय मामलों में 11,349 की गिरावट के साथ यह संख्या 4.35 लाख पर आ गई। इसी अवधि में 482 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,37,621 हो गया है। देश में रिकवरी दर बढ़कर अब 93.94 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.45 फीसदी हो गई है। पिछले 24 घंटों में केरल में सर्वाधिक 6055 मरीज स्वस्थ हुए और सक्रिय मामलों की संख्या सबसे कम 2694 यहीं रही, जबकि दिल्ली में सबसे अधिक 108 लोगों की मौत हुई।

कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में सक्रिय मामले कम होकर 91,623 हो गए हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 47,151 हो गया है, वहीं अभी तक 16.85 लाख से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। केरल में स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 5.38 लाख से अधिक हो गई और सक्रिय मामले 62,025 हो गए हैं, जबकि 2244 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामलों की संख्या 2206 कम होकर अब 32,885 हो गई है। वहीं अब तक 9174 लोग इस बीमारी से अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि 5.28 लाख से ज्यादा मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।

दक्षिणी राज्य कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 1224 कम होकर 23,298 हो गई है। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 11,778 पर पहुंच गया है तथा अब तक करीब 8.49 लाख लोग स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में इस दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या में 557 की कमी होने से यह 7840 हो गई। राज्य में अब तक कोरोना से 6992 लोगों की मौत हुई है और 8.53 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सक्रिय मामले 476 कम होकर 24,099 हो गए है तथा इस महामारी से 7761 लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य में अब तक 5.12 लाख मरीज स्वस्थ हुए हैं। तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 10,997 हो गई है तथा अभी तक 11,712 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 7.59 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। ओडिशा में सक्रिय मामले घटकर 4921 हो गए हैं और 1739 लोगों की मौत हुई है, जबकि रोगमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 3.12 लाख से अधिक हो गई है। तेलंगाना में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 9627 रह गए हैं और 1461 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2.59 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App