फाइव डे वीक… कर्मचारी घर…लोग दफ्तर

शनिवार को कार्यालयों के बंद होने की जानकारी न होने से निराश लौटी जनता

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला   –कोरोना ने एक बार फिर से लॉकडाउन जैसे हालात बना दिए हैं। शनिवार को फाइव डे वीक के नए निर्देशों के चलते प्रमुख स्थानों पर छुट्टी जैसे हालात बने रहे। शनिवार को जिला मुख्यालय में काम करवाने पहुंचने वालों को भी निराश होकर  लौटना पड़ा। आधारकार्ड अपडेशन सहित विभिन्न कार्यों के लिए हैडक्वार्टर पहुंचे लोगों को सरकार दफ्तर बंद होने के कारण निराश होकर घरों को लौटना पड़ा।  लोग यह कहते हुए सुने गए कि शनिवार को भी रविवार जैसा ही माहौल दिख रहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों ने फिर से समाजिक वातावरण को बुरी तरह से प्रभावित किया है। इस बड़ा असर आम आदमी पर पड़ रहा है। लोग बिगड़े हालात से घबराए हुए हैं। उनके छोटे-छोटे काम भी लटक रहे हैं। प्रदेश में फाइव डे वीक के चलते शनिवार को छुट्टी होने के कारण अधिकतर लोगों के काम नहीं हो पाए। हालांकि कांगड़ा जिला प्रशासन ने जनता से ऑनलाइन मेल या व्हाट्ससेप के माध्यम से काम करवाने के लिए कहा है। उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति स्वयं लोगों के ऑनलाइन कार्यों को पूरा कर उन्हें रिप्लाई करते व करवाते हैं। ऐसे में उन्होंने जिला के तमाम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी लोगों को दफ्तरों के आने के बजाय उनके ऑनलाइन काम करने को कहा है।

महामारी के बढ़ते मामलों से डरने लगे लोग

कोरोना के चलते शनिवार को पालमपुर, देहरा, नूरपुर सहित सभी उपमंडल कार्यालयों में फाइव डे वीक से बंद जैसे हालात बने रहे। जिन लोगों को इस बात की जानकारी नहीं थी, वह कार्यालय पहुंच रहे थे, लेकिन कार्यालय बंद होने के उन्हें वापस लौटना पड़ रहा था। लोगों ने भी अब बढ़ते कोरोना मामलों के चलते बिना काम से घर से निकलना कम कर दिया है। हर दिन 100 से 150 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के चलते लोगों में डर भी बढ़ा है।