हिमाचली बेटे को 26 नोबेल पुरस्कार विजेताओं के साथ स्थान  

By: स्टाफ रिपोर्टर— घुमारवीं Dec 2nd, 2020 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर— घुमारवीं

हिमाचल के युवा वैज्ञानिक डा. विजय कुमार ठाकुर को 26 नोबेल पुरस्कार विजेताओं सहित दुनिया भर के अति उत्कृष्ट शोधकर्ताओं में से एक के रूप में स्थान दिया गया है। विजय को अमरीका की प्रमुख संस्था क्लैरियट द्वारा अत्याधिक उद्धृत शोधकर्ताओं 2020 सूची में नामित किया गया है।

वह 60 देशों और क्षेत्रों के 6167 शोधकर्ताओं में से हैं, जिन्हें इस वर्ष सम्मानित किया गया है। कृषि विज्ञान से लेकर अंतरिक्ष विज्ञान तक के 21 क्षेत्रों में वैज्ञानिकों की सूची में 26 नोबेल पुरस्कार विजेता भी शामिल हैं। विजय ने बताया कि 2020 सूची में दुनिया के सबसे प्रभावशाली शोधकर्ताओं में से एक होना खुशी और सम्मान की बात है। विजय एसआरयूसी, जो ब्रिटेन के एडिनबर्ग विश्वविद्यालय के भीतर एक स्वायत्त संस्थान है, में सबसे कम उम्र के पूर्ण प्रोफेसर और विभाग के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। वह 38 साल की आयु में पूर्ण प्रोफेसर बनने वाले ब्रिटेन के बहुत कम वैज्ञानिकों में से हैं।  विजय हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के हटवाड़ से संबंध रखते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App