मुख्याध्यापकों के खाली पदों को जल्द भरें

By: कुल्लू। Dec 4th, 2020 12:01 am

टीजीटी काडर कन्फेडरेशन की बैठक प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर में संपन्न हुई। इसमें चारों संघों  के प्रदेशाध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में संघ की  विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई। सर्वप्रथम सरकार से मांग की गई कि वर्तमान में प्रदेश में आधे से अधिक खाली चल रहे मुख्याध्यापकों के पदों को शीघ्र भरा जाए। पिछले दो वर्षों से मुख्याध्यापकों की कोई भी पदोन्नति सूची जारी न होने के कारण 24000 के इस काडर में भारी रोष है, क्योंकि टीजीटी अध्यापक आज की तिथि में अपने 27 वर्षों के सेवाकाल के बाद भी बिना किसी पदोन्नति से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

संघ ने यह भी मांग की कि 26-04-2010 के बाद पदोन्नत हुए स्कूली प्रवक्ताओं को भी मुख्याध्यापक बनने का मौका दिया जाए। संघ की इस बैठक में हैड मास्टर ऑफिसर कैडर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय गौतम, प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ के प्रदेश अध्यक्ष यशवीर जम्वाल, टीजीटी आर्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कौशल, विज्ञान अध्यापक संघ से नरिंद्र ठाकुर,  पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ की कोर कमेटी के अध्यक्ष केवल ठाकुर,  प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप डढवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिला हमीरपुर रविदास, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य प्रीतम कौशल सहित संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App