नवंबर में निर्यात 9.07 प्रतिशत गिरा

By: एजेंसियां — नई दिल्ली Dec 3rd, 2020 12:58 pm

नई दिल्ली — चालू वित्त वर्ष के नवंबर माह में भारतीय निर्यात 9.07 प्रतिशत गिरकर 23 अरब 43 करोड़ डालर दर्ज किया गया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को यहां जारी आंकड़ों में बताया कि नवंबर 2019 में यह आंकड़ा 25 अरब 77 करोड डॉलर रहा था। नवंबर, 2020 में कुल आयात 13.33 प्रतिशत घटकर 33 अरब 39 करोड़ डॉलर रह गया। जो नवंबर 2019 में 38 अरब 52 करोड़ डालर था।

आंकड़ों के अनुसार नवंबर, 2020 में व्यापार घाटा नौ अरब 96 करोड़ डॉलर दर्ज किया गया है। नवंबर, 2019 में व्यापार घाटा 12 अरब 75 करोड़ डॉलर था। नवंबर माह में अनाज के निर्यात में 164.67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा खल का निर्यात 70.54 प्रतिशत, लौह अयस्क 68.15 प्रतिशत, चावल 24.41 प्रतिशत, सेरेमिक उत्पाद एवं शीशा उत्पाद में 20.98 प्रतिशत की तेजी आयी है।

आलोच्य माह में चांदी का निर्यात 89.71 प्रतिशत, कच्ची कपास 74.09 प्रतिशत, न्यूजप्रिंट 69.96 प्रतिशत और चमडा 46.81 प्रतिशत गिरा है। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर तक कुल निर्यात 173.49 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 211.17 अरब डॉलर था।

इसमें 17.84 प्रतिशत की गिरावट आई है। अप्रैल से नवंबर 2020 की अवधि में कुल आयात 33. 56 प्रतिशत गिरकर 215.67 अरब डॉलर दर्ज किया गया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में आयात 324.59 अरब डॉलर था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App