साल का आखिरी सूर्यग्रहण 14 को; शाम 7:03 से लेकर आधी रात 12:23 पर रहेगा प्रभाव, भारत रहेगा बेअसर

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो - ऊना Dec 4th, 2020 12:06 am

इस साल का दूसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण 14 दिसंबर को लगने जा रहा है। यह ग्रहण भारतीय समय अनुसार शाम 7ः03 से आरंभ होकर पांच घंटे रहेगा यानी इसकी समाप्ति मध्य रात्रि में 12ः23 पर होगी, जब हम 15 दिसंबर में प्रवेश कर चुके होंगे। यह ग्रहण अगहन कृष्ण अमावस्या को घटित होगा। ज्योतिष शोधार्थी व ‘एस्ट्रोलॉजीःएक विज्ञान’ रिसर्च पुस्तक के लेखक गुरमीत बेदी के अनुसार यह खंडग्रास प्रकार का ग्रहण होगा, जो भारत में दिखाई नहीं देगा।

 इसलिए भारत में इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। इसलिए ग्रहण को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है और न ही किसी तरह के अंधविश्वास में आने की जरूरत है। गुरमीत बेदी ने बताया कि यह ग्रहण दक्षिण अफ्रीका व प्रशांत महासागर सहित दक्षिण अफ्रीका, मैक्सिको के कुछ इलाकों में तथा सऊदी अरब, कतर, सुमात्रा, मलेशिया, ओमान, सिंगापुर,  नॉर्दर्न मरीना आईलैंड,  श्रीलंका और बोर्निओ में भी दिखाई देगा। बेदी के अनुसार यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए भारत इस ग्रहण के प्रभाव से अछूता रहेगा।

गुरमीत बेदी ने बताया कि इस साल पहला सूर्य ग्रहण 21 जून रविवार को लगा था, जो खंडग्रास था और उसे भारत के कई शहरों में देखा गया था। उसका कई राशियों पर तो असर पड़ा ही था, लेकिन 14 दिसंबर को लगने वाले दूसरे व अंतिम सूर्य ग्रहण के प्रभाव से भारत बेअसर रहेगा। गुरमीत बेदी ने यह भी बताया कि अगले साल यानी वर्ष 2021 में भी दो सूर्य ग्रहण लगने वाले हैं, जिनमें पहला सूर्य ग्रहण 10 जून को और दूसरा व अंतिम सूर्य ग्रहण चार दिसंबर को लगेगा। ये दोनों ही सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देंगे, इसलिए भारत में इनका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।

बहुत सी घटनाओं का साक्षी रहा 2020

गुरमीत बेदी ने बताया कि वर्ष 2020 बहुत सी आकाशीय और खगोलीय घटनाओं का साक्षी रहा है। इस साल चार चंद्रग्रहण और दो सूर्य ग्रहण का योग मिलाकर कुल छह ग्रहणों का योग बना और ब्लूमून जैसी दुर्लभ घटना के भी हम साक्षी बने। हाल ही में 30 नवंबर को ही चौथा और अंतिम चंद्रग्रहण भी लगा और अब 14 को इस साल का दूसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App