सांसद-विधायक करेंगे कोरोना मरीजों से बात; भाजपा का फैसला, सरकार के साथ मिलकर कोरोना से जंग लड़ेगी पार्टी

By: स्टाफ रिपोर्टर - शिमला Dec 4th, 2020 12:06 am

प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी भी सक्रिया हो गई है। इसी कड़ी में अब सरकार और संगठन मिलकर कोविड-19 महामारी को लेकर मोर्चा संभालेंगे और एक महान जनजागरण अभियान शुरू करेंगे। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने की। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा एवं सभी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि आगामी 15 दिसंबर तक भाजपा कोई भी एक्चुअल कार्यक्रम नहीं करेगी और सभी कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से ही किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब पार्टी वर्चुअल बैठकों की करेगी, जिसमें पन्ना प्रमुखों तक संपर्क किया जाएगा।

 वहीं, महिला मोर्चा बड़ी तादाद में फेस कवर बनाएगा और जनता में वितरित करेगा। इसके अलावा सभी सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी एवं नेता कोरोना से संक्रमित लोगों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क अभियान चलाएंगे, बुजुर्गों की भी विशेष मदद की जाएगी। जिन परिवारों में कोरोना के कारण मृत्यु हुई है, उन परिवारों की भी विशेष मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विपक्ष विधानसभा सत्र को लेकर नकारात्मक राजनीति कर रहा है, वह निंदनीय है। एक सत्र को चलाने के लिए बहुत खर्च होता है और बड़ी संख्या में सरकारी मुलाजिमों का आवागमन भी होता है। ऐसी परिस्थितियों में सत्र चलाना ठीक नहीं है। भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जिम्मेदारी से काम करता है। जब देश में लॉकडाउन लगा, तो कांग्रेस पूरी तरह से लॉकडाउन हो गई और कोई काम नहीं कर पाई। अब सबसे पहले हमें सभी कोविड नियमों का पालन करना है और दूसरों से भी पालन करवाना है।

फीडबैक ले रही हिमाचल सरकार

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि सरकार धरातल पर सभी से फीडबैक ले रही है और मॉनिटरिंग का काम अच्छा चल रहा है, शादियों के चलते कोविड संक्रमण बढ़ा है, जिस कारण सरकार को कड़े निर्णय भी लेने पड़े।

भाजपा महिला मोर्चा ने की मुख्यमंत्री से भेंट

शिमला – प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा रश्मि धर सूद की अध्यक्षता में महिला मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए महिला मोर्चा की सदस्यों को प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया है। महिला मोर्चा की सदस्यों को सार्वजनिक स्थानों में फेस मास्क और परस्पर दूरी बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए। जयराम ठाकुर ने महिला मोर्चा की सदस्यों को विपक्ष द्वारा किए जा रहे झूठे प्रचार को उजागर करने के लिए तथ्यों पर आधारित सच्चाई जनता के सामने रखने का परामर्श दिया।

विधानसभा सत्र न करवाने का फैसला सही

शिमला। भाजपा महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा सत्र न करवाने के फैसले की सराहना की। रशिम सूद ने कहा कि एक सत्र में तकरीबन 10 करोड़ का खर्च होता है और तकरीबन 150 कर्मचारी इस दौरान कार्य में लगते हैं। इस महामारी के बढ़ते प्रकोप को मद्देनजर रखते हुए मुख्यमंत्री ने शीतकालीन सत्र न करने का फैसला कर अच्छा निर्णय लिया है।

 राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक, शादी-ब्याह में केवल 50 लोग और सारे राजनीतिक कार्यक्रम, उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से करने के निर्देश प्रदेश हित में हैं। जयराम सरकार कोरोना के खिलाफ  हर तरह का अभियान चलाने के लिए तैयार है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App