शिमला देश की कोरोना कैपिटल, संक्रमण वृद्धि के टॉप-19 जिलों में आठ प्रदेश के

By: मस्तराम डलैल — शिमला Dec 5th, 2020 12:18 am

 एक महीने में पूरे भारत में सबसे ज्यादा हिमाचल की राजधानी में मिले संक्रमित

 31 अक्तूबर से  30 नवंबर के आंकड़ों पर बड़ा खुलासा

 शिमला –संक्रमण वृद्धि को लेकर शिमला देश की कोरोना कैपिटल बन गई है। इस महामारी से जूझ रहे समूचे देश में सबसे तेजी से संक्रमण शिमला में फैला है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने संक्रमण वृद्धि वाले देश के टॉप-19 जिलों की सूची जारी की है, जहां संक्रमण वृद्धि प्रतिशतता 50 फीसदी से अधिक हुई है। हैरत है कि शिमला जिला सबसे ज्यादा संक्रमण वृद्धि प्रतिशतता के साथ देशभर में सबसे आगे है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने 31 अक्तूबर से लेकर 30 नवंबर तक संक्रमण वृद्धि की रिपोर्ट जारी की है। चौकाने वाली बात है कि संक्रमण वृद्धि में टॉप के सात जिला हिमाचल प्रदेश के हैं। इसके अलावा देश में 12वें नंबर पर हिमाचल का आठवां जिला बिलासपुर है।

हिमाचल उच्च न्यायालय ने भी अपने पारित आदेशों में इस संक्रमण वृद्धि प्रतिशतता का विशेष जिक्र  करते हुए हिमाचल प्रदेश को कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बतातें चलें कि दो महीने पहले हिमाचल प्रदेश में कोरोना की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में थी। संक्रमण के कम मामलों को लेकर हिमाचल का नाम शीर्ष के दो बेहतर राज्यों में शूमार था। अब परिस्थितियां बिलकुल विपरीत हो गई है और हिमाचल का नाम संक्रमण तेजी से फैलने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह हिमाचल में अंधाधुंध आयोजित भीड़ वाले समारोह माने जा रहे हैं। खासकर शादी-विवाह की नाटियों और राजनीतिक कार्यक्रम संक्रमण फैलने का मुख्य कारण बने हैं। अनलॉक फेज शुरू होने के बाद हिमाचल में धड़ल्ले से आयोजन किए गए। सोशल डिस्टेंसिंग व कोविड नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। इस कारण प्रदेश की यह स्थिति हो गई है।

संक्रमण वृद्धि सूरत-ए-हाल

स्थान      जिला      मामले     फीसदी

1           शिमला    7073      183.1

2           लाहुल     1075      177.8

3           कुल्लू      3588      131.5

4           मंडी       6571      117.2

5           चंबा       1952      69.9

6           हमीरपुर   2088      69.1

7           कांगड़ा    5135      66.7

8           गुरुग्राम    49112     63.6

9           इडुक्की    11717     62.7

10         गंगानगर   5845      60.6

11         फरीदाबाद 40152     58.7

12         बिलासपुर 2036      58.6

13         हिसार      15624     56.6

14         टोंक       2751      53.8

15         हनुमानगढ़ 2635      52.3

16         बमेतरा    3724      51.1

17         बलोद     6966      51.0

18         कोरबा     13278     50.9

19         वायनाड   10656     50.6


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App