परिवहन विभाग की 90 प्रतिशत सेवाएं ऑनलाइन

नगर संवाददाता- ऊना

सड़क सुरक्षा एवं निरीक्षण मासिक अभियान के अन्तर्गत जिला में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों व ई परिवहन व्यवस्था बारे जागरुक किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में सोमवार को स्वर्ण जयंती राज्यत्व दिवस के उपलक्ष्य पर ऊना महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में परिवहन विभाग द्वारा एक प्रदर्शनी लगाई गई। आरटीओ ऊना रमेश चंद कटोच ने बताया कि वर्तमान में परिवहन विभाग द्वारा नागरिकों को दी जाने वाली 90 प्रतिशत से अधिक सेवाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं तथा लोग घर बैठे इन सेवाओं का लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लाइसेंस आवेदन, वाहन पंजीकरण, राष्ट्रीय व राज्य परमिट, सभी तरह के टैक्स व आवेदन शुल्क, बुकिंग इत्यादि सेवाओं को ऑनलाइन किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से भी आहवान किया कि वे इन ऑनलाइन सेवाओं का लाभ स्वयं भी उठाएं तथा औरों को भी प्रेरित करें। प्रदर्शनी में यातायात नियमों तथा ई-परिवहन व्यवस्था के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सेवाओं को दर्शाते पोस्टरों के प्रति लोगों में भारी उत्साह देखा गया। परिवहन विभाग द्वारा लोगों को परिवहन सेवाओं व यातायात नियमों के पंपलेट्स भी वितरित किए। इसके अलावा परिवहन स्टाफ द्वारा भी लोगों को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा बारे विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर छठे राज्य वित्तायोग अध्यक्ष सतपाल सत्ती, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ने भी प्रर्दशनी का अवलोकन किया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा मासिक अभियान में मीडिया के योगदान के मद्देनजर आरटीओ ने मीडिया कर्मियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक दर्शन सिंह, एआरटीओ सचिन चैधरी व राजेश कौशल तथा अधीक्षक अशोक कुमार व स्टाफ ने भी लोगों को ई परिवहन व्यवस्था के माध्यम से लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं बारे जानकारी दी।