आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी दिखेंगी परेड में

By: Jan 26th, 2021 12:10 am

सेरी मंच पर आयोजित प्रोग्राम में देंगी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का संदेश

कार्यालय संवाददाता-मंडी

मंडी जिला में गणतंत्र दिवस के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। पुलिस की टुकडि़यां भी परेड के लिए तन मन से जुट गई है। सोमवार को ऐतिहासिक सेरी मंच पर परेड की अंतिम रिहर्सल की गई। परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने किया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने मंडी में  शंकर गार्डन में बने शहीद स्मारक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गार्डन की परिस्थितियों का जायजा लिया। जिला में इस बार सात टुकडि़यों गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेंगी।

गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।  पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि गणतंत्र दिवस की परेड की रिहर्सल में सात टुकडियां भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आंगनबाड़ी व आशा वर्कर कार्यकर्ताओं ने बेहतर कार्य किया है। उन्होंने महामारी के समय बेहतर काम किया है तथा जरूरतमंदों तक दवाइयां व जरूरी सुविधा पहुंचाई हैं। इस बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी मंडी के सरी मंच पर गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होकर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देंगी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस की परेड में इस बार पुरुष व महिला पुलिस बल, पुरुष व महिला होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स की दो टुकडि़यां और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App