प्रधान संग मंदिर ट्रस्टी बनने को भी जंग

By: Jan 15th, 2021 12:20 am

स्टाफ रिपोर्टर-चिंतपूर्णी

पंचायत चुनावों का बिगुल बज उठा है जिसके साथ ही पंचायत चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी चुनाव जीतने के लिए दिन रात मैदान में डटे हुए हैं।  कुछ पंचायतें तो ऐसी हैं, जहां उम्मीदवारों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है। अगर बात की जाए चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट में शामिल तीन पंचायतों की तो इन तीन पंचायतों में गंगोट, छपरोह, नारी में प्रधान पद के लिए सबसे रोचक मुकाबला होने जा रहा है। इन तीनों पंचायतों में महिला प्रत्याशी ही पंचायत पद का चुनाव लड़ रही हैं। क्योंकि छपरोह और गंगोट पंचायत महिला आरक्षित है, जबकि नारी पंचायत प्रधान पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है।

देखने वाली बात ये है कि इन तीनों पंचायतों में प्रधान पद की जीत के लिए तो लड़ाई है ही साथ में मंदिर ट्रस्टी बनने के लिए भी प्रत्याशियों में जंग है। चिंतपूर्णी क्षेत्र में इन तीनों पंचायतों से चुने गए प्रधान मंदिर ट्रस्टी होते हैं। जिनकी मंदिर ट्रस्ट में अहम भूमिका होती है। चुनाव नतीजे आने के बाद पहली बार तीन महिला प्रधान चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्टी बनेगी। बताते चलें कि गंगोट पंचायत से प्रधान पद के लिए तीन महिला प्रत्याशी संजना शर्मा, ऐश्वर्य शर्मा व कुसुम लता चुनाव मैदान में डटी हुई हैं, जबकि छपरोह पंचायत से भी प्रधान के लिए तीन महिलाओं शशि कालिया, इंदिरा शर्मा व राजकुमारी में रोचक जंग है। जबकि इसके अलावा नारी पंचायत में प्रधान पद के चार महिला प्रत्याशी चुनावी जंग में मुकाबला कर रही है।

हालांकि तीनों पंचायतों में प्रधान पद के लिए सभी उम्मीदवारों में कांटे की टक्कर है और चुनाव नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा कि वोटर किसके सर पर प्रधान पद का ताज लगाते हैं। फिहलाल गंगोट और नारी पंचायत में 19 जनवरी को वोट डाले जाएंगे, जबकि छपरोह में 21 जनवरी को मतदान होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App