बंजार के धाउगी जिला परिषद वार्ड में दो गुटों में बंटी भाजपा

निजी संवादाता-कुल्लू

उपमंडल बंजार का धाउगी जिला परिषद वार्ड में चुनावी जंग रोचक होती जा रही है। राजपरिवार की पुत्रवधू का सहयोग करने पर कई भाजपा के पदाधिकारियों को भी पार्टी से निष्कासित करने के मामले सामने आ रहे है, जिस पर अब बंजार भाजपा भी दो गुटों में बंट गई है। उपमंडल बंजार का धाउगी जिला परिषद वार्ड की जनता की बैठक के बाद ही हितेश्वर सिंह को यहां प्रत्याशी बनाने की मांग रखी गई थी, लेकिन उन्होंने खुद ही मना कर दिया। बंजार भाजपा के उपाध्यक्ष ज्ञान चंद ने कहा कि धाउगी वार्ड को महिला आरक्षित किया गया और ग्रामीणों ने ही राजपरिवार से महिला उम्मीदवार की मांग रखी थी। तभी राजपरिवार की पुत्रवधू विभा सिंह वहां से चुनाव लड़ रही है, लेकिन कुछ लोगों की इससे काफी तकलीफ  हो रही है।

ज्ञान चंद ने कहा कि उन्हें व बंजार भाजपा मंडल के द्वारा कई पदाधिकारियों को बिना बात के ही पद से मुक्त कर दिया गया, जो कि शर्मनाक बात है। बंजार भाजपा ऐसे लोगों से घिरी है, जिन्होंने सरेआम चुनावों में भाजपा का विरोध किया है और आज वे पार्टी के सर्वसम्मति से बने हुए है। बंजार के विधायक के द्वारा जो यह काम किया जा रहा है, वे पार्टी के लिए खतरनाक है। हितेश्वर सिंह ने सैंज घाटी की आवाज भी उठाई है और कई विकास कार्यों को उन्होंने अंजाम दिया है। विभा सिंह के चुनावी मैदान में उतरने से उन लोगों को खतरा हो गया है। हितेश्वर सिंह को भी बंजार भाजपा के द्वारा निष्कासित करना एक हास्यपद बात है और मंडल के अध्यक्ष किसी को भी निष्कासित नहीं कर सकते हैं।