हिमाचल में दुर्घटनाओं की रफ्तार पर ‘ब्रेक’

By: Jan 16th, 2021 12:01 am

कार्यालय संवाददाता – पालमपुर

लगातार छह साल तक तीन हजार के पार रहने वाला सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ 2019 के बाद लगातार दूसरे साल 2020 में भी 3000 से कम रहा है। 2013 से लेकर 2018 तक प्रदेश में तीन हजार से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि 2019 में यह आंकड़ा 2897 और 2020 में 2236 रहा है। सड़क दुर्घटनाओं के सालाना ग्राफ  में कमी कुछ राहत जरूर प्रदान कर रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश हर दिन औसतन छह दुर्घटनाओं का गवाह बन रहा है। बीते दस वर्ष में यह पहला मौका रहा, जब सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ  2300 से कम रहा है। 2010 से लेकर 2019 तक प्रदेश में सालाना सड़क दुर्घटनाओं के दर्ज मामलों का आंकड़ा 3000 के आसपास ही रहा। 2010 में 3069 और 2011 में 3099 सड़क दुर्घटनाएं पेश आईं, तो 2012 में यह आंकड़ा 2901 रहा। 2013 से 2018 तक हर साल 3000 से अधिक सड़क दुर्घटनाओं के मामले दर्ज हुए।

 2019 में बीत दस वर्ष के दौरान पहली बार सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ 2900 से कम रहा और 2897 मामले दर्ज हुए तो 2020 में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं के 2236 मामले दर्ज हुए। दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट न पहनना व तेज रफ्तार से चलना काफी घातक साबित हो रहा है। वहीं, बड़े वाहनों में लापरवाही से वाहन चलाने के साथ अनेक स्थानों पर सड़कों की खस्ता हालत भी एक्सीडेंट का कारण बन रही है। प्रदेश में यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है वहीं स्कूली बच्चों को भी यातायात संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। किशोर वाहन चालकों द्वारा रैश ड्राइविंग के कारण राह चलते लोगों को चोट पहुंचाने के मामलों की संख्या के आधार पर प्रदेश चिंताजनक तौर से राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 15 प्रदेशों की सूची में शामिल रहा है।

हादसों में 866 मौतें

2020 में पिछले एक दशक के दौरान सबसे कम सड़क हादसे सामने आए और इनमें जान गंवाने वालों की संख्या 900 से भी कम रही। 2020 में 2236 सड़क हादसों में 866 लोगों की मौत हुई, जबकि घायलों का आंकड़ा 3197 रहा। सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक 1353 मौतें 2011 में हुई थी।

वर्ष       दुर्घटनाए मौतें     घायल

2010      3069      1102      5325

2011      3099      1353      5462

2012      2899      1109      5248

2013      2981      1054      5081

2014      3058      1199      5680

2015      3010      1097      5109

2016      3153      1163      5587

2017      3119      1176      5338

2018      3119      1168      5444

2019      2897      1199      4737

2020      2236      866        3197


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App