पीटीसी डरोह के जवानों को केंद्र से शाबाशी, मुख्यमंत्री-डीजीपी ने दी बधाई

By: Jan 24th, 2021 12:10 am

चार पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने पर मिला सम्मान

बिपन सूद — डरोह

हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह के चार अधिकारियों व कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मेडल से नवाजा गया है। पीटीसी डरोह के प्रधानाचार्य डा. अतुल फुलझेले ने बताया कि कालेज में कार्यरत प्रवीण धीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कुलदीप कुमार अतिरिक्त उपाधीक्षक, विनोद कुमार आरक्षी और सुनील कुमार आरक्षी को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2019-20 के दौरान प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए मेडल से नवाजा गया।

उन्होंने बताया कि प्रवीण धीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य आरक्षी विनोद कुमार को बाह्य प्रशिक्षण, कुलदीप कुमार अतिरिक्त उपाधीक्षक और आरक्षी सुनील कुमार को वाहन चालन (मोटर ड्राइविंग) प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मेडल से नवाजा गया। उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पुलिस मुख्यालय शिमला के माध्यम से महाविद्यालय को सूचित किया गया है। डा. अतुल फुलझेले ने मेडल से नवाजे जाने वाले सभी अधिकारियों कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय को भारत में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट संस्थान बनाने में प्रेरणादायी साबित होगी। बहरहाल, पीटीसी डरोह की सेवाओं से केंद्र बहुत खुश हुआ है।

मुख्यमंत्री-डीजीपी ने दी बधाई

डा. फुलझेले ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी अधिकारियों को बधाई संदेश भेजा है और कहा है कि इससे अन्य अधिकारियों को अपने कर्त्तव्यों का निष्पादन पूरे समर्पण, लग्न व निष्ठा से करने की प्रेरणा मिलेगी। हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने भी पीटीसी डरोह के सभी चारों अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है तथा जनता की निरंतर सेवा करने का आह्वान किया है। उन्होंने आगे भी ऐसे ही कार्य करते रहने के लिए अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रेरित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App