दलाईलामा ने सराहा अमरीका का जलवायु परिवर्तन मुद्दा, वाइडेन का जताया आभार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
तिब्बतियो के धर्मगुरु दलाईलामा ने राष्ट्रपति वाइडेन को संयुक्त राज्य अमरीका का राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी है। दलाइलामा ने राष्ट्रपति वाइडेन को भेजे गए अपने बधाई संदेश में लिखा है कि वह बहुत प्रसन्न हैं कि आप जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता पर बढ़ा रहे हैं। संयुक्त राज्य अमरीका पेरिस जलवायु समझौते से फिर से जुड़ रहा है। ग्लोबल वार्मिंग पूरी दुनिया के लिए और हमारी प्रजातियों के अस्तित्व के लिए एक खतरा है। उन्होंने कहा वह अन्य उपायों के लिए भी उनकी सराहना करते हैं, जो संयुक्त राज्य अमरीका को बेहतरी की ओर ले जाएंगे।
दलाइलामा ने कहा कि वह लंबे समय से अमरीका जैसे महान देश, जहां स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धार्मिक स्वतंत्रता और कानून के शासन की पालना होती है, उसके मुरीद हैं। पूरी दुनिया संयुक्त राज्य अमरीका की लोकतांत्रिक दृष्टि और नेतृत्व में अपनी आशा रखती है। इन चुनौतीपूर्ण समय में, उन्हें विश्वास है कि आप एक अधिक शांतिपूर्ण दुनिया को आकार देने में योगदान देंगे, जिसमें भूख, बीमारी और हिंसा से पीडि़त लोगों को मदद मिल सकती है। इन मुद्दों को संबोधित करने की आवश्यकता वास्तव में है।