पहली बार पकड़ी नशे की इतनी बड़ी खेप

By: Jan 15th, 2021 12:01 am

कुल्लू पुलिस ने 20 घंटे चले ऑपरेशन में पाई बड़ी कामयाबी

स्टाफ रिपोर्टर – शिमला

नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए अभियान में पुलिस को आए दिन कामयाबी मिल रही है। इसी कड़ी में अब पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी खेप के साथ नशा तस्करों को दबोचा है। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा चलाए गए 20 घंटे के ऑपरेशन में चार करोड़ रुपए की नशे की बड़ी खेप बरामद की है। मामले में चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान 122.588 किलोग्राम चरस, जबकि 295 किलो गांजा भी पकड़ा है। सभी के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कुल्लू पुलिस ने नशे के बड़े सौदागरों पर कार्रवाई करने के लिए 27 सदस्यों की टीम का गठन किया गया था। एसआईयू की  टीम और बंजार पुलिस स्टेशन की टीम ने बंजार एरिया (घृतगड़ और सजाहू) में रेड की।

 पुलिस की टीम ने यहां पर सप्लायर और चरस की डिलीवरी लेने वाले को पकड़ा। पुलिस ने उनके पास से 111 किलो चरस बरामद की। पुलिस के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी खेप को पकड़ा गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस चरस की कीमत तीन करोड़ 35 लाख आंकी गई है। चरस के साथ पकड़े दोनों आरोपी स्थानीय निवासी हैं। पुलिस रेड के दौरान दो घंटे के पैदल मार्च के बाद सजाहू गांव पहुंची। यहां पर पुलिस ने रात को ही दो घरों में दबिश की। पुलिस ने जब पहले घर में रेड मारी तो यहां पर पुलिस को 11 किलो 588 ग्राम चरस मिली। इसके अलावा घर के अंदर बिना लाइसेंस की दो बंदूकें भी रिकवर कीं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे मामले में पुलिस ने 295 किलो गांजा भी बरामद किया है। पुलिस ने 20 घंटे के भीतर जो बड़ी कार्रवाई की हैं। उधर, डीजीपी संजय कुंड्डू ने बताया कि किसी भी सूरत में नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा।

गगरेट में शराब के ठेक पर हद से ज्यादा दारू

गगरेट। आबकारी विभाग की नाक तले शराब के ठेकों पर चल रहे गौरखधंधे का पुलिस विभाग ने भंडाफोड़ कर किया है। गगरेट क्षेत्र के बड़ोह गांव में चल रहे शराब के एक ठेके पर तय कोटे से अधिक शराब की खेप रखी जाने का खुलासा होने के बाद डीएसपी सृष्टि पांडे ने आबकारी निरीक्षक को मौके पर बुलाकर मामले को उनके सुपुर्द किया है। आबकारी निरीक्षक ने शराब के ठेके पर 72 निप्स कोटे से अधिक होने की पुष्टि करते हुए मामला उच्चाधिकारियों को प्रेषित करने की कार्रवाई शुरू की है। जब आबकारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने पड़ताल की, तो तय कोटे से अधिक 72 निप्स वहां पाए गए। इसका कोई भी रिकार्ड ठेके पर तैनात कारिंदे नहीं दिखा पाए। डीएसपी सृष्टि पांडे ने मामले की पुष्टि की है।

साल भर में पकड़ी 351 किलो चरस

जयदीप रिहान – पालमपुर

प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के चलते एनडीपीएस के तहत दर्ज किए गए मामलों ने 2020 में पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए। जानकारी के अनुसार बीते साल प्रदेश के विभिन्न थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कुल 1538 मामले दर्ज किए गए। इनमें पुलिस ने 351.018 किलो चरस के साथ भारी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ पकड़ने में सफलता हासिल की। यह लगातार चौथा वर्ष रहा, जब एनडीपीएस की धाराओं के तहत प्रदेश में दर्ज मामलों का ग्राफ एक हजार से ज्यादा रहा। आंकड़े बताते हैं कि 2006 में प्रदेश में एनडीपीएस के तहत 385, 2007 में 243, 2008 में 374, 2009 में 473, 2010 में 596, 2011 में 570, 2012 में 513, 2013 में 531, 2014 में 644, 2015 में 622, 2016 में 919 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2017 में पहली बार मामलों का आंकड़ा एक हजार को पार कर 1010 पर जा पहुंचा और 306.925 किलो चरस साथ अन्य मादक पदार्थों का जखीरा पकड़ा गया।

 2018 में 1341 मामलों में पहली बार एक साल में पकड़ी गई चरस का आंकड़ा 400 किलो से अधिक रहा और कुल 470.600 किलो चरस बरामद की गई। 2019 में प्रदेश में एनडीपीएस के तहत कुल 1439 दर्ज मामलों में 327.209 किलो चरस पकड़ी गई। जबकि 2020 में एनडीपीएस के तहत दर्ज मामलों का आंकड़ा 1538 तक जा पहुंचा और कुल 351.018 किलो चरस बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली। बीते साल प्रदेश के छह जिला में एनडीपीएस के तहत दर्ज मामलों की संख्या 100 से अधिक रही। 2020 में एनडीपीएस के तहत दर्ज किए गए मामलों में कांगड़ा जिला सबसे आगे है, जहां पर कुल 301 मामले सामने आए। एनडीपीएस के तहत दर्ज मामलों की संख्या के आधार पर 221 मामलों के साथ जिला मंडी दूसरे और 215 मामलों के साथ जिला शिमला तीसरे स्थान पर रहा। जिला कुल्लू में 210, जिला बिलासपुर में 126 और जिला उना में एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 102 मामले दर्ज किए गए।

वर्ष         मामले  चरस(किलो में)

2010      596        640.214

2011      570        290.583

2012      513        278.811

2013      531        314.962

2014      644        356.963

2015      622        283.434

2016      929        377.535

2017      1010      306.925

2018      341        470.600

2019      1439      327.209

2020      1538      351.018


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App