कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, अढ़ाई घंटा लेट पहुंची पंजाब मेल

राज्य में एक घंटा देरी से आई शताब्दी

निजी संवाददाता— चंडीगढ़

घने कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हो गई है। रविवार को घने कोहरे में दृश्यता शून्य होने के कारण ट्रेनें काफी देरी से पहुंची, जिसके कारण स्टेशन पर यात्रियों को ठंड में लंबा इंतजार करना पड़ा। शताब्दी, पंजाब मेल सहित कई ट्रेनें अढ़ाई घंटे तक की देरी से स्टेशन पर पहुंची।

रविवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया था। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। इसके चलते नई दिल्ली से भोपाल जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 56 मिनट की देरी से सुबह 8ः46 बजे कैंट स्टेशन पहुंची, जबकि ट्रेन के आने का समय सुबह 07ः45 बजे का है। इसी तरह पंजाब मेल अपने निर्धारित समय सुबह 7ः58 बजे के बजाए दो घंटे 27 मिनट की देरी से सुबह 10ः32 बजे कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची। इसी तरह प्रयागराज-जयपुर कोविड स्पेशल ट्रेन भी दो घंटा 37 मिनट की देरी से सुबह 08ः52 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और विशाखापट्टनम एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। ठंड में ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर ठंड में बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है।

पटियाला-लुधियाना में सबसे ज्यादा धुंध

पंजाब में अगले 24 घंटे धुंध और शीतलहर के अनुमान को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में पिछले तीन दिन से सुबह और शाम घनी धुंध पड़ रही है। देश के पांच शहरों में धुंध की वजह से हाई-वे पर विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक रह गई है। इनमें लुधियाना और पटियाला भी शामिल हैं। इनके अलावा अंबाला, गंगटोक और दार्जिलिंग शहर हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी गहरी धुंध पड़ने का अनुमान जारी किया है। 21 जनवरी तक शीतलहर चलेगी और सुबह-शाम धुंध रहेगी।