31 तक जमा करवाएं प्रॉपर्टी टैक्स

By: Jan 17th, 2021 12:18 am

नगर संवाददाता-शिमला

शिमला शहर में पिछले काफी समय से प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने वालों के खिलाफ निगम अब सख्त रवैया अपनाएगा। पॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों  को  निगम ने 31 जनवरी तक का समय दिया है।

इस समय में यदि उन्होंने कर जमा नहीं किया तो उन पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दरअसल पिछले लंबे समय से शहर में डिफाल्टर पॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे  निगम को काफी दिक्कतें आ रही हैं। अब संपत्ति कर न देने वाले डिफाल्टरों से नगर निगम शिमला सख्ती से निपटेगा। निगम के करीब तीन हजार संपत्ति कर डिफाल्टर हैं, जिन्होंने लंबे समय से निगम को टैक्स जमा नहीं करवाया है। दो डिफाल्टर तो ऐसे हैं जिनसे निगम ने करोड़ों रुपए वसूलने हैं। निगम ने रिमाइंडर नोटिस भी जारी किए थे, लेकिन इन्होंने टैक्स जमा नहीं करवाया। निगम ने लंबे समय से संपत्ति कर न देने वालों की सूची तैयार कर ली है। लाखों रुपए के संपत्ति कर डिफाल्टरों में करीब 50 लोगों की सूची तैयार की गई है। इन लोगों को जल्द नोटिस जारी किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो 31 जनवरी तक इन्होंने संपत्ति कर नहीं चुकाया तो इन सभी के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। बताया जा रहा है कि निगम तीन किश्तों में नोटिस जारी करेगा। पहले लाखों रुपए के टैक्स डिफाल्टरों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद 50 हजार से एक लाख रुपए तक के डिफाल्टरों को नोटिस जारी होंगे। तीसरे चरण में 50 हजार से कम राशि के डिफाल्टरों को नोटिस जारी किए जाएंगे। नगर निगम शिमला का नौ करोड़ रुपए टैक्स के रूप में फंसा हुआ है। इसी वित्त वर्ष में निगम इस पैसे को वसूलने की तैयारी कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App