नगर संतोषगढ़ में गीजर ब्लास्ट

स्टाफ रिपोर्टर-संतोषगढ़
नगर संतोषगढ़ में गुरुवार को एक घर में गीजर ब्लास्ट हो गया। इस दौरान घर के लोग बाल-बाल बच गए। फायर ब्रिगेड ने आकर लगी आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड नबरं सात में पूर्व शाखा प्रबंधक सोमनाथ पूरी के घर सुबह गीजर में आग लग गई। सोमनाथ पुरी ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को सुबह नहाने के लिए करीब 6 बजे गीजर को चालू किया और करीब दस मिनट बाद गीजर की रेड लाइट जगमगाने लगी और देखते ही देखते गीजर में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गयी, जिससे सभी घर वाले घबरा गए और घर वालों का शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें काफी उठ रहीं थी। सोमनाथ पुरी ने बताया कि उन्होंने टाहलीवाल अग्निशमन विभाग को फोन पर सूचित किया और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने तुंरत संतोषगढ़ पहुंच कर गीजर में लगी आग पर काबू पाया, जिसके बाद घर वालों ने राहत की सांस ली। वहीं, इस आगजनी घटना से घर के लोग काफी घबरा गए थे। घर के सदस्यों का कहना था कि यदि फायर बिग्रेड समय पर न पहुंचती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं प्रशासन ने लोगों से एक समय में एक से अधिक विद्युत उपकरणों का उपयोग न करने का आह्वान किया है।