Golden Jubilee: गोल्डन जुबली के बहाने नड्डा देंगे टिप्स, खन्ना लेंगे बैठक

By: Jan 25th, 2021 12:08 am

विशेष संवाददाता — शिमला

प्रदेश के स्वर्ण जयंती समारोह के बहाने भाजपा यहां अपनी रणनीति भी बनाएगी। खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा यहां सभी प्रदेश पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर टिप्स देंगे। हालांकि वह भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में शिरकत नहीं करेंगे, मगर उनकी सभी नेताओं से मुलाकात होगी, जिसके लिए अलग से समय रखा गया है। रिज पर समारोह के बाद यहां पीटरहॉफ में लंच का कार्यक्रम है। पहले अमित शाह को यहां आना था, लेकिन अब क्योंकि नड्डा यहां मुख्यातिथि होंगे, तो वह पीटरहॉफ भी जाएंगे। यहां भाजपा के पदाधिकारियों की उनके साथ चर्चा होगी। सूत्र बताते हैं कि यहां भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक रखी गई है, लेकिन इस बैठक से पहले ही नड्डा लौट जाएंगे। ऐसे में प्रदेश के भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना यहां बैठक लेंगे, जिसमें सहप्रभारी टंडन और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे।

शिमला — स्वर्ण जयंती समारोह की तैयारियों का जायजा लेने निकले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व अन्य दिग्गज

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल को भी यहां बुलाया गया है, मगर वह आएंगे या नहीं, यह साफ नहीं है। प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। यहां पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव पर चर्चा होगी। क्या वस्तुस्थिति है और क्या कुछ इस चुनाव में रहा है, इस पर मंथन के साथ पूरे प्रदेश की रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी। सभी पदाधिकारियों, मंत्रियों व विधायकों का रिपोर्ट कार्ड यहां अप्रत्यक्ष रूप से खंगाला जाएगा। भविष्य में भाजपा को क्या करना है, ताकि यहां सरकार रिपीट की जाए, इस पर चर्चा होगी। सरकार की नीतियों को जनता तक कैसे पहुंचाना है, इसमें किसे क्या-क्या जिम्मेदारियां रहेंगी, इसका भी पूरा खाका तैयार किया जाएगा। यह महत्त्वपूर्ण बैठक रहेगी, क्योंकि सरकार प्रदेश का स्वर्ण जयंती समारोह कर रही है, उसके माध्यम से जनता तक भाजपा को कैसे पहुंचना है, यह बात भी यहां की जानी है।

आगे की रणनीति पर होगी चर्चा

आने वाले समय में प्रदेश में नगर निगमों के चुनाव होने हैं, उन चुनावों के लिए पार्टी संगठन कैसे तैयार होगा और उसे आगे क्या कुछ करना है, इस पर विस्तार से इस बैठक में चर्चा की जाएगी। कई महत्त्वपूर्ण मामलों पर चर्चा के लिए भाजपा ने प्रदेश पदाधिकारियों की यह बैठक बुलाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App