हिमाचल इंदिरा गांधी की सबसे बड़ी देन,  प्रदेश कांग्रेस ने याद किए पूर्व प्रधानमंत्री और हिमाचल निर्माता

By: Jan 27th, 2021 12:07 am

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हिमाचल सबसे बड़ी देन है। पच्चीस जनवरी, 1971 को आज ही के दिन ऐतिहासिक रिज पर भारी बर्फबारी के बीच हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था। इन्हीं ऐतिहासिक लम्हों को याद करते हुए कांग्रेस नेताओं ने अपने नेताओं को याद करते हुए पूर्व पीएम स्वर्गीय इंदिरा गांधी, राज्य के पहले सीएम डा. यशवंत सिंह परमार को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल के निर्माण में इनके योगदान को याद करते हुए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से इनके चरणों मे पुष्प अर्पित किए। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी के मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि 25 जनवरी, 1971 का वह ऐतिहासिक दिन जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने रिज मैदान से भारी बर्फबारी के बीच हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा घोषित कर प्रदेश कांग्रेस नेताओं की मांग को पूरा किया था।

 डा. वाईएस परमार के अथक प्रयासों से ही हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व का सपना पूरा हो सका था। ठाकुर रामलाल के बाद वीरभद्र सिंह ने आधुनिक हिमाचल के विकास की गाथा को लिखा, जो आज प्रदेश पहाड़ी राज्यों के स्वर्णिम विकास में अग्रणी राज्य के तौर पर जाना जाता है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी व डा. यशवंत सिंह परमार के छाया चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वेद प्रकाश ठाकुर, यशपाल तनाइक, सुशांत कपरेट, शशि बहल, सोनिया चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा, शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के अतिरिक्त अरुण शर्मा, आचार्य मस्तराम शर्मा, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App