हर दिन नई उंचाइयां छू रहा हिमाचल

By: Jan 26th, 2021 12:22 am

मंडी में धूमधाम से मनाया पूर्ण राज्यत्व दिवस का स्वर्ण जयंती जश्न, जिला मुख्यालय समेत हर उपमंडल पर सजे विशेष कार्यक्रम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-मंडी

हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती के पावन अवसर पर उत्साह से भरे मंडी जिलावासियों ने पूरे उल्लास के साथ जश्न मनाया। इस उपलक्ष्य पर 25 जनवरी को जिला मुख्यालय मंडी समेत हर उपमंडल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर मंडी के विपाशा सदन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिष्ठित हिमाचल गौरव पुरस्कार से अलंकृत सुविख्यात कला एवं संस्कृति कर्मी बीरबल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उपायुक्त ऋ ग्वेद ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम सुबह 10 से 11 बजे तक आयोजित किया गया। इसके उपरांत 11 बजे से शिमला के रिज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय स्वर्ण जयंती समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस मौके अपने संबोधन में बीरबल शर्मा ने इतिहास, कला एवं संस्कृति के सरंक्षण व संवर्धन की जरूरत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह हमारा दायित्व है कि हम अपनी समृद्ध परंपराओं, विशिष्ट वेशभूषा-गहने, खानपान, और ऐतिहासिक विरासतों की जानकारियों व इनसे जुड़े अपने अनुभवों का दस्तावेजीकरण करें, ताकि आने वाली पाढि़यां अपने इतिहास को सही अर्थों में जान पाएं।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र के विकास के लिए काम करने के साथ साथ गांवों की वशिष्टताओं को सहेजने, ऐतिहासिक धरोहर, पुरानी बावडि़यों एवं पर्यावरण के सरंक्षण पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने हिमाचल विशेषकर मंडी जिला की 5 दशक की स्वर्णिम यात्रा को लेकर विविध क्षेत्रों के अपने रोचक यात्रा संस्मरण लोगों से साझा किए। कार्यक्रम में उपायुक्त ऋ ग्वेद ठाकुर ने हिमाचल की 5 दशकों की स्वर्णिम विकास यात्रा पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने 25 जनवरी 1971 को पूर्ण राज्य बनने से अब तक के सफर में विकास की अनुकरणीय मिसाल कायम की है। प्रदेश ने विकास के हर क्षेत्र में अतुलनीय काम किया है। जिला मुख्यालय में सेरी मंच और विपाशा सदन समेत सभी उपमंडल मुख्यालयों पर राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने को विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके लिए सूचना एवं जन संपर्क विभाग ने बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई थीं। इन कार्यक्रमों में पंचायती राज व शहरी निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अलावा समाज के विभिन्न तबकों के व्यक्ति शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App