Himachal Panchayat Chunav: दूसरे चरण में फिर भाजपा ने मारी बाजी

By: Jan 21st, 2021 12:08 am

पंचायत चुनाव में भगवा दल के 625, कांग्रेस के 375 प्रधान जीते

मस्तराम डलैल—शिमला

दूसरे चरण के पंचायत चुनावों में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत का डंका बजाया है। मंगलवार को संपन्न कुल 1208 पंचायतों में से घोषित 1149 के परिणामों में भाजपा ने बाजी मारी है। स्टेट सीआईडी के अनुसार 625 भाजपा समर्थित और 375 कांग्रेस विचारधारा के प्रत्याशियों ने पंचायत की गद्दी हासिल की है। इसके मुकाबले 107 पंचायतों में निर्दलीय पंचायत प्रधान निर्वाचित हुए हैं।  राज्य गुप्तचर विभाग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि दूसरे चरण के चुनावों में 19 पंचायतों में भाजपा तथा 13 में कांग्रेस के प्रधान निर्विरोध चुने गए हैं। कांगड़ा जिला में कुल 274 पंचायतों में से 157 प्रधान भाजपा और 100 कांग्रेस के निर्वाचित हुए हैं। इस जिला में 17 पंचायतों में ऐसे प्रधानों को जीत का सेहरा बांधा गया है, जिन्हें न भाजपा न कांग्रेस का सहारा था। मुख्यमंत्री के गृह जिला मंडी में कुल 170 पंचायतों के लिए मतदान हुआ। इनमें भाजपा को 101, कांग्रेस को 47 और निर्दलीय 22 उम्मीदवारों ने पंचायत प्रधान की कुर्सी हासिल की है। चंबा जिला में 110 पंचायतों के आए नतीजों में भाजपा को 46, कांग्रेस को 41 पंचायतें मिली है। इसके अलावा 17 पंचायतों में आजाद प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। शिमला जिला में दूसरे चरण के लिए भी कांटे की टक्कर हुई।

 इस जिला में 110 ग्राम पंचायतों में से 49 भाजपा समर्थित और 43 कांग्रेस उम्मीदवार जीते हैं। इस जिला में 4 माकपा प्रधानों सहित कुल 17 अन्यों के खाते में आए हैं। हमीरपुर जिला में कुल 81 पंचायतों के लिए हुए चुनाव में 49 भाजपा, 23 कांग्रेस और नौ पंचायतों में निर्दलीय उम्मीदवार निर्वाचित हुए हैं। ऊना जिला में कुल 82 पंचायतों के लिए मतदान हुआ। इनमें 54 भाजपा और 24 कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीते हैं। इसके अलावा चार निर्दलीय प्रधान जीतकर आए हैं। सिरमौर जिला की 82 पंचायतों में भाजपा समर्थित जीत हासिल करने वाले 48 प्रधानों के मुकाबले कांग्रेस को 35 पंचायतें हासिल हुई है। इसके अलावा पांच निर्दलीय निर्वाचित हुए हैं।

बिलासपुर जिला में 60 पंचायतों के लिए संपन्न चुनावों में 34 पंचायतें भाजपा के खाते में आई है, जबकि 20 पंचायतों पर कांग्रेस ने धाक जमाई है। इसके मुकाबले छह आजाद उम्मीदवार जीते हैं। किन्नौर जिला की कुल 23 पंचायतों में पांच निर्विरोध चुने गए भाजपा समर्थितों में कुल 12 पंचायतों पर धाक जमाई है। इसके मुकाबले कांग्रेस ने चार सर्वसम्मति सहित कुल 10 पंचायतें हथियाई है। इस जिला में एक निर्दलीय प्रधान जीता है। सोलन जिला में 82 पंचायतों में 46 भाजपा, 25 कांग्रेस और 11अन्यों ने जीती है। कुल्लू की 70 पंचायतों में 44 भाजपा, 26 कांग्रेस और छह अन्यों ने जीती है। (एचडीएम)

किसके, कितने प्रधान

जिला     भाजपा    कांग्रेस    अन्य

कांगड़ा    157        100        17

मंडी       101        47         22

चंबा       46         41         17

शिमला    49         43         17

हमीरपुर   49         23         09

ऊना       54         24         04

सिरमौर    48         35         05

बिलासपुर 34         20         06

किन्नौर    12         10         05

सोलन     46         25         11

कुल्लू      44         26         06


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App