बारिश-बर्फबारी के बाद फिर ठंड से कांपा हिमाचल

By: Jan 25th, 2021 12:01 am

प्रदेश भर में लुढ़का पारा, 30 जनवरी तक मौसम साफ

कार्यालय संवाददाता – शिमला

हिमाचल बारिश-बर्फबारी के बाद फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। राज्य के गुदला, भरमौर, केलांग, कोठी, कल्पा व कुफरी में ताजा हिमपात हुआ है। प्रदेश के मैदानी इलाकों सहित मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हुई है। बारिश-बर्फबारी होने से अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 30 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान लोगों को को ठंड से निजात मिल सकती है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में रविवार को भी दिन के  समय मौसम खराब बना रहा।

हालांकि दिन के समय बारिश-बर्फबारी नहीं हुई, मगर दिन भर आसमान में काले बादल घिरे रहने से अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। धर्मशाला व सोलन को छोड़ कर समूचे प्रदेश में तापमान गिरा है। शिमला व सुंदरनगर में चार डिग्री तक पारा लुढ़का है। भुंतर में तीन, केलांग व ऊना में दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान लुढ़का है। केलांग का पारा लुढ़क कर माइनस डिग्री में पहुचं गया है। बीते 24 घटों के दौरान गुदला में सबसे ज्यादा 31 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसके अलावा भरमौर में 30, केलांग में 15, कोठी में सात, कल्पा में पांच व कुफरी में दो सेटीमीटर बर्फबारी हुई है।

देहरा गोपीपुर, गगल, चंबा, पालमपुर, गुलेर, धर्मशाला, नगरोटा, जोगिंद्रनगर, मनाली व बंजार में बारिश हुई है। बारिश-बर्फबारी होने से न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आई है। कल्पा, केलांग के बाद डलहौजी व कुफरी का पारा माइनस डिग्री में पहुंच गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 30 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा।

जिला   अधिकतम न्यूनतम

शिमला    14.8       2.1

सुंदरनगर  16.5       6.2

भुंतर       17.1       4.2

कल्पा     8.1        -4.1

धर्मशाला 14.8       2.2

ऊना       19.4       8.4

नाहन      16.3       8.2

सोलन     21.0       4.5

बिलासपुर 20.0       6.0

हमीरपुर   19.7       6.4

डलहौजी  3.5       -1.8

केलांग     -2.6       -9.2


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App