लद्दाख में बनेगा भारत का सबसे बड़ा आइस हॉकी केंद्र, केंद्रीय खेल मंत्री ने दिया आश्वासन

By: Jan 22nd, 2021 5:25 pm

लद्दाख — केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू लद्दाख में खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों में शामिल हुए और उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे के विकास का आश्वासन दिया। रिजिजू ने साथ ही कहा कि भारत के सबसे बड़े आइस हाकी केंद्र को लद्दाख में स्थापित किया जाएगा। जांस्कर शीतकालीन खेल और युवा महोत्सव 2021 का शुभारंभ 18 जनवरी को हुआ था। ये शीतकालीन खेल 30 जनवरी को संपन्न होंगे।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की सुरम्य जांस्कर घाटी में खुले इलाके में होने वाली खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। लद्दाख प्रशासन द्वारा आयोजित पहले ज़ांस्कर शीत कालीन खेल और युवा महोत्सव के मुख्य आकर्षण चदर ट्रैक, स्नो स्कीइंग, स्नो स्कूटर और हाइकिंग, आइस हाकी और अन्य खेल शामिल हैं।

रिजिजू ने महोत्सव में गुरूवार को भाग लिया। उन्होंने कहा कि वह लेह और लद्दाख के हर गांव में खेल सुविधाओं का निर्माण करेंगे। रिजिजू ने कहा कि अगले दो से अढ़ाई वर्षों में हम करगिल, लेह और आसपास के सभी छोटे जिलों में खेल सुविधाएं बनाएंगे। हम एस्ट्रो टर्फ, एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक, तीरंदाजी केंद्र और बहुत कुछ सुविधाएं प्रदान करेंगे। रिजिजू ने कहा कि हम भारत के सबसे बड़े आइस हॉकी केंद्र को लद्दाख में स्थापित करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App