भराड़ी में जलशक्ति विभाग को नया भवन

मंत्री महेंद्र सिंह ने किया मंडलीय कार्यालय की बिल्डिंग का उद्घाटन, धर्मपुर की जनता को होगी आसानी

निजी संवाददाता-धर्मपुर

धर्मपुर विस क्षेत्र के भ्राड़ी को जलशक्ति विभाग के मंडलीय कार्यालय को नए भवन की सौगात मिली है। प्रदेश सरकार में जलशक्ति, बागबानी, राजस्व व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने करीब सवा तीन करोड़ रुपए की लागत से नव निर्मित इस भवन का लोकार्पण किया। जलशक्ति विभाग के मंडलीय कार्यालय को नया भवन मिल जाने से लोगों को अब कार्यालय की बेहतरीन सुविधा सुनिश्चित होगी और विभाग के विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी। इस मौके पर उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर विस क्षेत्र के भ्राडी में जलशक्ति विभाग का अपना कार्यालय खुल जाने से इस क्षेत्र में पेयजल व सिंचाई परियोजनाओं को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले लोगों को जलशक्ति विभाग से जुड़े कार्यों के लिए सरकाघाट जाना पड़ता था, लेकिन अब इस विभाग की तमाम सुविधाएं यहीं पर उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही कहा कि इस कार्यालय के भवन को भी रिकार्ड समय में पूर्ण कर जनता को समर्मित किया गया है, जिसके लिए उन्होने यहां के लोगों को बधाई दी। उन्होंनें कहा कि जल जीवन मिशन के क्त्रियान्वयन में हिमाचल प्रदेश पूरे देश भर में प्रथम रहा है। इसके लिए उन्होने विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी जिनके अथक प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने लोगों से हिमाचल शिवा प्रोजेक्ट को अपनाने पर बल दिया। इस अवसर पर सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह, जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, जिला पार्षद वंदना गुलेरिया, मीना देव, सुंदर नगर भाजपा अध्यक्ष दलीप ठाकुर, भाजपा सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतीराज संस्थानों के प्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्त्ताओं सहित जलशक्ति एवं अन्य विभागों के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।