स्वर्णिम हिमाचल आज से नया अध्याय; शाह नहीं, आज जगत प्रकाश नड्डा होंगे मुख्य अतिथि

By: Jan 25th, 2021 12:08 am

पूर्ण राज्यत्व के 50वें साल में शानदार प्रवेश, तरक्की-उन्नति की नई गाथा का बना गवाह

शकील कुरैशी — शिमला

छोटा सा, नन्हा सा हिमाचल आपार उन्नति और तरक्की के साथ सोमवार को पूर्ण राज्यत्व के अपने 50वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। 25 जनवरी, 1971 को ठंडे-बर्फीले दिन में जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने रिज से प्रदेश को पूर्ण राज्यत्व दिवस का बड़ा तोहफा दिया था, तो किसी ने एक क्षण के लिए भी नहीं सोचा था कि आने वाले कुछ वर्षों में यह छोटा सा पहाड़ी राज्य हजार बंदिशों और मजबूरियों की बेडि़यां तोड़कर देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शुमार होगा। इन 50 वर्षों में राज्य की तरक्की तो देखिए…प्रति व्यक्ति आय 65 रुपए से एक लाख 95,253 रुपए हो गई। सकल घरेलू उत्पाद 233 करोड़ रुपए से 165472 करोड़ रुपए हो गया। अनपढ़ता से बुरी तरह ग्रस्त प्रदेश 32 फीसदी की साक्षरता से 86 फीसदी की दर तक पहुंच गया। मात्र 3240 गांवों में ही बिजली होने के बावजूद आज 17855 गांवों के विद्युतीकरण के साथ शतप्रतिशत का लक्ष्य हासिल कर गया।

 7370 किलोमीटर सड़कों वाला प्रदेश आज 38470 किलोमीटर सड़कों के साथ हर गांव में सड़क के सपने को पूरा करने की ओर बढ़ रहा है। इस समय 4995 की जगह 15551 शैक्षणिक संस्थान हैं। इसके अलावा कृषि, बागबानी, वन समेत हर क्षेत्र में राज्य ने आपार सफलता हासिल की है। सोमवार को ऐतिहासिक रिज पर आयोजित होने वाले हिमाचल प्रदेश के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नहीं आ रहे हैं। उनका कार्यक्रम आखिरी समय में टल गया है। वह दिल्ली से वर्चुअली इस कार्यक्रम में जुड़ेंगे और उनकी जगह पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शिमला आएंगे। उनके साथ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर भी होंगे। बताया जाता है कि अमित शाह का दौरा गृह मंत्रालय की एक महत्त्वपूर्ण बैठक की वजह से टला है। यह बैठक दिल्ली में अढ़ाई बजे रखी गई है। उस समय तक अमित शाह हिमाचल से वापस दिल्ली नहीं पहुंच पाते,  इस कारण से उनका यहां आने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में किसी भी तरह का फेरबदल नहीं किया गया है। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कार्यक्रम में शामिल होंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उनके साथ अनुराग ठाकुर भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। गौर हो कि ऐतिहासिक रिज पर सरकार सोमवार को स्वर्ण जयंती समारोह मना रही है और इस कार्यक्रम को सभी जिला मुख्यालयों पर देखा जाएगा।

 रिज पर प्रदर्शनी भी सजाई गई है, जिसमें दिखाया जाएगा कि 50 साल में हिमाचल प्रदेश कहां से, कहां तक पहुंचा है। इस विकास गाथा को निचले स्तर पर जनता तक पहुंचाया जाएगा, जिसके लिए सरकार एक रथयात्रा निकालने वाली है। इस रथयात्रा के माध्यम से प्रदेश के विकास की गाथा को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा साल भर में कुल 51 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं सरकार अब तक रहे जनप्रतिनिधियों, जिनका प्रदेश के विकास में योगदान रहा है, उन सभी को सम्मानित भी करेगी। इसके साथ कई दूसरे कार्यक्रमों का आयोजन भी वर्ष भर प्रदेश में चलता रहेगा। बहरहाल प्रदेश सरकार की कोशिश थी कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में पहुंचते, मगर ऐसा नहीं होगा। अमित शाह के लिए यहां सरकार ने कई तरह की तैयारियां कर रखी थीं। पूरे शहर में अमित शाह के होर्डिंग्स लगाए गए हैं। उनका कार्यक्रम 11 बजे रिज पर पहुंचने का था। अब जगत प्रकाश नड्डा इस कार्यक्रम में शामिल होंगे, लेकिन यह केवल मौसम पर निर्भर करेगा। रविवार शाम तक शहर का मौसम खराब हो चुका था, लेकिन मौसम विभाग ने सोमवार को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान दिया है। पूरा कार्यक्रम मौसम पर निर्भर करेगा।

ये रहे हिमाचल की सफलता के ध्वजवाहक

हिमाचल की स्वर्णिम सफलता का श्रेय प्रदेश के हर नागरिक के साथ-साथ विभिन्न सरकारों को उनके मुखिया को जाता है। इनमें अब तक रहे मुख्यमंत्री डा. वाईएस परमार, ठाकुर रामलाल, शांता कुमार, वीरभद्र सिंह, पे्रम कुमार धूमल के साथ-साथ वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार दोपहर बाद मुख्य कार्यक्रम स्थल रिज का दौरा किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाएं देखीं और जो कमियां थीं, उनको दूर करने के लिए कहा गया। उनके साथ पूरा प्रशासनिक अमला भी था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App