अब सिक्किम में भिड़े भारत-चीन के सैनिक, ड्रैगन के 20 सैनिक घायल

By: Jan 27th, 2021 12:08 am

ड्रैगन के 20 सैनिक घायल, चार भारतीय जवान भी जख्मी

दिव्य हिचल ब्यूरो, नई दिल्ली

भारत-चीन में जारी तनाव के बीच दोनों देशों के सैनिकों में एक बार फिर झड़प हुई है। भारतीय सेना ने सोमवार को जारी बयान में कहा सिक्किम के नाकु ला में चीनी सैनिकों ने एलएसी पर घुसपैठ की कोशिश की। भारतीय जवानों ने रोका, तो चीनी सैनिकों ने हाथापाई शुरू कर दी। भारतीय सेना ने इसका जवाब देते हुए चीन के सैनिकों को खदेड़ दिया। झड़प में चीन के 20 सैनिक घायल हो गए। भारत के भी चार जवान जख्मी हुए हैं। हालांकि, सेना ने किसी के घायल होने की जानकारी नहीं दी है। यह मामला 20 जनवरी का बताया जा रहा है। सेना के सूत्रों ने बताया कि दोनों सेना के कमांडर्स ने तय प्रोटोकॉल के मुताबिक विवाद सुलझा लिया।

 भारतीय सेना ने कहा कि दोनों देशों के सैनिकों के बीच मामूली झड़प हुई थी। इस मामले को स्थानीय स्तर पर कमांडरों ने तय प्रोटोकॉल के तहत सुलझा लिया है। भारतीय सेना की तरफ  से अपने सैनिकों को किसी भी रूप में घायल होने की बात सामने नही आई है। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ  के जवानों के बीच हाथापाई हुई, लेकिन किसी तरह के हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ।

15 घंटे तक चली नौवें दौर की वार्ता

नई दिल्ली। सीमा विवाद पर जारी गतिरोध के बीच भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच करीब अढ़ाई महीने के अंतराल के बाद हुई नौवें दौर की बैठक करीब 15 घंटे तक चली।  इस बैठक में भी भारत की तरफ  से दो टूक कहा गया है कि चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर मई से पहले की स्थिति बहाल करे और पीछे हटे। अब वादा निभाने की पूरी जिम्मेदारी चीन पर है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App