गणतंत्र दिवस की तैयारियां परखीं

सोलन के ठोडो मैदान में एसपी ने जांची व्यवस्था, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग फहराएंगे तिरंगा

निजी संवाददाता-सोलन

सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित होने वाले 72वें गणतंत्र दिवस के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ठोडो मैदान में सोमवार को पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने अंतिम रिहर्सल की। कोरोना को ध्यान में रखते हुए इस बार परेड का सूक्ष्म रूप देखने को मिलेगा। सोलन के ठोडो मैदान में होने वाली परेड का जायजा लेने खुद एसपी सोलन अभिषेक यादव पहुंचे, जहां उन्होंने स्थितियों का जायजा लिया और परेड कर रहे पुलिस और होमगार्ड के जवानों का निरीक्षण कर उन्हें निर्देश भी दिए। एसपी सोलन अभिषेक यादव ने बताया कि इस बार कोरोना को ध्यान में रखते हुए सूक्ष्म रूप में परेड पुलिस और होमगार्ड जवानों द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार दो पुलिस जवानों की टुकड़ी एक होमगार्ड जवानों की टुकड़ी के साथ होम गार्ड का बैंड भी साथ चलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार सिर्फ तीन टुकडि़यां परेड में हिस्सा लेंगी।

उन्होंने बताया कि इस बार 26 जनवरी के कार्यक्रम में कोरोना के नियमों का पालन करते हुए मनाया जाएगा। बता दें कि जिला में इस बार 72वां गणतंत्र दिवस ऐतिहासिक ठोडो मैदान में मनाया में रहा है। जिसकी अध्यक्षता खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग करेंगे। समारोह सुबह 11 बजे शुरु होगा, जिसमें सबसे पहले खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग कारगिल शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वहीं, इस मुख्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। वहीं इस प्रदर्शनी में सोलन जिला में गत 50 वर्षों में हुए विकास की झलक भी दिखाई जाएगी।