प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात की दो मेट्रो परियोजनाओं का किया भूमि पूजन

By: Jan 18th, 2021 12:54 pm

गांधीनगर — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद को राजनीतिक राजधानी गांधीनगर से जोडऩे वाले अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज 2 और हीरा नगरी सूरत की मेट्रो परियोजना का नई दिल्ली से वीडिओ कान्फ्रेंसिंग के जरिए भूमि पूजन किया। 5384 करोड़ रुपए की लागत वाले 28.25 किमी लंबे अहमदाबाद मेट्रो परियोजना के फेज 2 यानी दूसरे चरण को मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके तहत दो कॉरिडोर होंगे। पहला 22.8 किमी लंबा होगा और यह अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम मोटेरा स्टेडियम से गांधीनगर के महात्मा मंदिर को जोड़ेगा। दूसरा 5.4 किमी लंबा होगा और गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी यानी जीएनएलयू को भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र (आइएफएससी) गिफ्ट सिटी से जोड़ेगा।

ज्ञातव्य है कि लगभग 40 किमी लंबे अहमदाबाद मेट्रो परियोजना के पहले चरण के 6.5 किमी लंबे प्रायोरिटी रूट का उद्घाटन श्री मोदी ने मार्च 2019 में किया था। इस परियोजना के लिए भूमि पूजन 2015 में किया गया था। चरण एक के वर्ष 2022 तक पूरा होने का अनुमान है। दोनो फेज की कुल अनुमानित संयुक्त लागत करीब 13 हजार करोड़ रुपए है।

मेट्रो परियोजनाओं का काम केंद्र और गुजरात सरकार की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी वाले संक्युत उपक्रम गुजरात मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (जीएमआरसी) करती है। सूरत की मेट्रो परियोजना गुजरात में अहमदाबाद के बाद दूसरी ऐसी परियोजना होगी। इसकी कुल लंबाई 40.35 किमी और कुल लागत 12020 करोड़ रुपए होगी। इसके तहत छह भूमिगत स्टेशन भी होंगे। इसके तहत दो गलियारे यानी कॉरिडोर होंगे।

21.61 किमी लंबा पहला गलियारा सरथाना को ड्रीम सिटी से जोड़ेगा, जबकि 18.74 किमी लंबा दूसरा कॉरिडोर भेसाण से सारोली तक होगा। इसे भी 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। श्री मोदी ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि इन परियोजनाओं से गुजरात और इसके दो प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों अहमदाबाद और सूरत के विकास को और गति मिलेगी।

उन्होंने उनकी सरकार की ओर से देश और गुजरात के विकास के लिए लागू की गई, विभिन्न परियाजनाओं और इनसे होने वाले लाभ के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम को केंद्रीय गृह मंत्री सह गांधीनगर के लोकसभा सांसद अमित शाह, केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी संबोधित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App