Narendra Chanchal: प्रसिद्ध भजन गायक नरेंद्र चंचल का निधन

By: Jan 22nd, 2021 3:02 pm

नई दिल्ली — प्रसिद्ध भजन गायक नरेंद्र चंचल का गुरुवार 22 जनवरी को दिल्ली में निधन हो गया। उनकी उम्र 80 साल थी। रिपोट्र्स के मुताबिक, वह बीते तीन महीने से बीमार चल रहे थे। इलाज के दौरान दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। नरेंद्र चंचल देवी मां के भक्ति गीतों के लिए जाने-जाते थे।  वह 80 वर्ष के थे।  उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री है। अपोलो अस्पताल के सूत्रों के अनुसार उनके मस्तिष्क में रक्त का जमाव हो गया था। उन्होंने शुक्रवार को करीब साढ़े 12 बजे अंतिम श्वास ली।

श्री चंचल का जन्म अमृतसर में एक धार्मिक पंजाबी परिवार में 16 अक्टूबर 1940 को हुआ था। उनके घर में धार्मिक माहौल था और उनकी मां भजन और आरती गाया करतीं थीं। चंचल प्रकृति के नरेन्द्र ने अपनी मां से गाना सीखा और माता के भक्ति संगीत को अपार लोकप्रियता प्रदान की। गुलशन कुमार की कंपनी टी सीरिज से उनका करीबी नाता रहा।

उन्होंने 1973 में बालीवुड फिल्म पुलिसमैन के लिए पहला गीत गाया, लेकिन 1980 में आयी फिल्म ‘आशा’ के ‘तूने मुझे बुलाया’ तथा 1983 में ‘अवतार’ के ‘चलो बुलावा आया है’ गीतों ने धूम मचा दी। उन्होंने आधा दर्जन से अधिक फिल्मों के कई गीतों को अपनी आवाज़ दी। इसके अलावा उन्होंने 1400 से अधिक गीतों, भजनों की 270 से ज्यादा एल्बमों को सुरों से सजाया। उन्हें अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत की मानद नागरिकता भी प्रदान की गयी थी।

उन्होंने बॉलीवुड में कई हिट गानों को आवाज दी है। नरेंद्र चंचल को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिल चुका है। बता दें कि मार्च 2020 में नरेंद्र चंचल का एक वीडियो वायरल हो हुआ था। इसमें वे मां दुर्गा का एक भजन गाते दिखे थे। इसमें कोरोना का भी जिक्र किया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App