सरकार की हामी के बाद बनाई जाएगी सुरंग

By: Jan 26th, 2021 12:10 am

लिफ्ट से आईजीएमसी तक सुरंग बनाने का प्रोपोजल किया तैयार, जाम से भी मिलेगी राहत

नगर संवाददाता-शिमला

शिमला शहर में आए दिन लगने वाले टै्रफिक जाम से हर कोई परेशान है। ऐसे में शहर में टै्रफिक जाम की स्थिति न हो इसके लिए आईजीएमसी तक एक सुरंग बनाने  का प्रोपोजल तैयार किया है, जिसके बनने से शहर में जहां लोगों को सहायता होगी। वहीं शहर में लगने वाले टै्रफिक जाम से भी निजात मिलेगी। नगर निगम शिमला ने सर्कुलर रोड पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए लिफ्ट से आईजीएमसी तक सुरंग बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव को फंडिंग के लिए सरकार को भेजा गया है। निगम का दावा है कि इन सुरंगों के बनने से जहां सात किलोमीटर का सफर कम होगा, वहीं शिमला में लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। निगम ने इसके लिए डिजाइन और प्लान तैयार कर लिया है। सरकार की अनुमति मिलने के बाद इस पर काम शुरू होगा। नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग के साथ मिलकर यह प्रस्ताव तैयार किया है।

शहर में पहले पांच सुरंगें बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। इसको लेकर टीम ने मौके का जायजा भी लिया, लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। अब निगम इन सुरंगों को सिरे चढ़ाने की औपचारिकताओं को पूरा करने में दोबारा जुट गया है। उस समय बेंगलुरु से आई सर्वे टीम ने शहर में सुरंग बनाने के लिए सर्वे तक कर लिया था। शहर में हर रोज जाम की स्थिति रहती है। ऐसे में अगर सुरंग का यह प्रस्ताव सिरे चढ़ता है तो यातायात जाम की समस्या कुछ हद तक कम हो जाएगी। शहर में वाहनों की संख्या अधिक होने व सड़कें संकरी होने से सुबह और शाम के समय लोगों को जाम से परेशान होना पड़ता है। इस प्रोजेक्ट में सब कुछ लगभग तैयार है, महज राज्य सरकार की मंजूरी नगर निगम को लेनी है। इसके मिलने के बाद शहर में सुरंग बनाने का काम शुरू हो सकेगा। शहर में ट्रैफिक के दृष्टिगत यह बेहतर विकल्प हो सकता है। इसके अलावा बता दें कि आईजीएमसी में 32 करोड़ की लागत से पार्किंग का निर्माण भी किया जा रहा है। जिसमें करीब 700 वाहनों को पार्क करने की सुविधा होगी। नगर निगम उपमहापौर  शैलेंद्र चौहान ने बताया कि शिमला में जाम की समस्या है, इसके लिए सुरंग बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। स्थानीय विधायक के माध्यम से यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए सरकार के समक्ष रखा गया है। यदि मंजूरी मिली तो शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App