मतदान… महिलाओं ने पछाड़े पुरुष

By: Jan 19th, 2021 12:20 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा

ग्रामीण संसद के पहले चरण में रविवार को संपन्न मतदान प्रक्रिया में महिलाओं ने पांच ब्लॉकों में पुरुष मतदाताओं को पछाड़ दिया है। चंबा जिला के भटियात, चंबा, मैहला, सलूणी व तीसा ब्लॉकों में महिलाओं ने घरों से बाहर निकलकर अपने मत के लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कई उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया है। केवल पांगी व भरमौर में ही मतदान करने वालों में पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक रही है। रविवार को संपन्न चुनावों में चंबा जिला के सात ब्लॉकों में कुल एक लाख पंद्रह हजार चार सौ बाइस लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया है। इनमें पुरूष मतदाता 57251 और महिला मतदाता की संख्या 58171 रही है।

रविवार को भटियात विकास खंड में सबसे अधिका 26023 मतदाताओं और पांगी विकास खंड में सबसे कम 5185 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। रविवार को जिला के भरमौर ब्लॉक में कुल 11579 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 6203 पुरूष और 5376 महिलाएं शामिल रहीं। भटियात ब्लॉक में 26023 मतदाताओं ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। भटियात में जहां 13479 महिलाओं ने मतदान किया वहीं पुरुष मतदाताओं की संख्या 12544 रही। चंबा में मतदान करने वालों की संख्या 18517 रही। चंबा ब्लाक में भी 9407 महिलाओं और 9110 पुरुषों ने मतदान किया।

मैहला में मतदान करने वाले 18272 लोगों में 9076 पुरुष व 9196 महिलाएं रहीं। पांगी में कुल 5185 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 2677 पुरुष व 2508 महिलाएं शामिल रहीं। सलूणी ब्लॉक में 18820 मतदाताओं ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेकर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। सलूणी में भी 9670 महिलाओं की तुलना में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9150 रही। तीसा विकास खंड में कुल 17026 मतदाताओं ने वोट डाले। तीसा में भी महिला मतदाताओं की संख्या 8535 की तुलना में पुरुषों की संख्या 8491 रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App