भीष्माष्टमी : भीष्म पितामह की स्मृति में मनाया जाने वाला पर्व

By: Feb 20th, 2021 12:29 am

माघ शुक्लाष्टमी तिथि को बाल ब्रह्मचारी भीष्म पितामह ने सूर्य के उत्तरायण होने पर अपने प्राण छोड़े थे। उनकी पावन स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन प्रत्येक हिंदू को भीष्म पितामह के निमित्त कुश, तिल, जल लेकर तर्पण करना चाहिए, चाहे उसके माता-पिता जीवित ही क्यों न हों…

भीष्माष्टमी अथवा ‘भीष्म अष्टमी’ का व्रत माघ माह में शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को किया जाता है। महाभारत में वर्णन है कि भीष्म पितामह को इच्छामृत्यु का वरदान था। माघ शुक्लाष्टमी तिथि को बाल ब्रह्मचारी भीष्म पितामह ने सूर्य के उत्तरायण होने पर अपने प्राण छोड़े थे। उनकी पावन स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन प्रत्येक हिंदू को भीष्म पितामह के निमित्त कुश, तिल, जल लेकर तर्पण करना चाहिए, चाहे उसके माता-पिता जीवित ही क्यों न हों।

व्रत-विधि

इस दिन प्रातः नित्य कर्म से निवृत्त होकर यदि संभव हो तो किसी पवित्र नदी या सरोवर के तट पर स्नान करें। अन्यथा घर पर ही विधिपूर्वक स्नान कर भीष्म पितामह के निमित्त हाथ में तिल, जल आदि लेकर अपसव्य (दाहिने कंधे पर जनेऊ करें, यज्ञोपवीत न हो तो उत्तरीय अर्थात् गमछे को दाहिने रखने का विधान है) और दक्षिणाभिमुख होकर निम्न मंत्रों से तर्पण करें :

वैयाघ्रपादगोत्राय सांकृत्यप्रवराय च।

गङ्गापुत्राय भीष्माय सर्वदा ब्रह्मचारिणे॥

भीष्मः शान्तनवो वीरः सत्यवादी जितेन्द्रियः।

आभिरद्भिरवाप्नोतु पुत्रपौत्रोचितां क्रियाम्॥

यह तर्पण दाहिने हाथ पर बने पितृतीर्थ द्वारा अंजलि देकर करें अर्थात् उपरोक्त मंत्रों को पढ़ते हुए तिल-कुश युक्त जल को तर्जनी और अंगूठे के मध्य भाग से होते हुए पात्र पर छोड़ें। इसके बाद पुनः सव्य (वापस पहले की तरह बायें कंधे पर जनेऊ कर लें) होकर निम्न मंत्र से गंगापुत्र भीष्म को अर्घ्य देना चाहिए ः

वसूनामवताराय शन्तनोरात्मजाय च।

अर्घ्य ददामि भीष्माय आबालब्रह्मचारिणे॥

पौराणिक कथा

देवव्रत (भीष्म) हस्तिनापुर के राजा शांतनु की पटरानी गंगा की कोख से उत्पन्न हुए थे। एक समय की बात है। राजा शांतनु शिकार खेलते-खेलते गंगा तट के पार चले गए। वहां से लौटते वक्त उनकी भेंट हरिदास केवट की रूपवान पुत्री मत्स्यगंधा (सत्यवती) से हुई। शांतनु उसके लावण्य पर मोहित हो गए। राजा शांतनु ने हरिदास से उसका अपने लिए हाथ मांगा, परंतु हरिदास ने राजा के प्रस्ताव को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि ‘महाराज आपका ज्येष्ठ पुत्र देवव्रत आपके राज्य का उत्तराधिकारी है, यदि आप मेरी कन्या के पुत्र को राज्य का उत्तराधिकारी बनाने की घोषणा करें तो मैं तैयार हूं।’

शांतनु ने इस बात को मानने से मना कर दिया, परंतु वे मत्स्यगंधा को न भुला सके। उसकी याद में व्याकुल रहने लगे। एक दिन देवव्रत द्वारा उनसे उनकी व्याकुलता का कारण पूछने पर सारा वृत्तांत पता चला। ज्ञान होने पर देवव्रत स्वयं केवट हरिदास के पास गए और गंगाजल हाथ में लेकर आजीवन अविवाहित रहने की शपथ ली। इसी कठिन प्रतिज्ञा के कारण उनका नाम भीष्म पड़ा। उनका पूरा जीवन सत्य और न्याय का पक्ष लेते हुए व्यतीत हुआ। राजा शांतनु ने देवव्रत से प्रसन्न होकर उसे इच्छित मृत्यु का वरदान दिया।

कौरव-पांडव युद्ध में दुर्योधन ने अपनी हार होती देख भीष्म पितामह पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘आप अधूरे मन से युद्ध कर रहे हैं। आपका मन पांडवों की ओर है।’ भीष्म यह सुनकर बड़े दुःखी हुए तथा ‘आज जौ हरिहि न शस्त्र गहाऊं’ ऐसी प्रतिज्ञा की। तत्पश्चात् घमासान युद्ध हुआ। भगवान श्रीकृष्ण को भीष्म प्रतिज्ञा की रक्षा के लिए सुदर्शन चक्र को हाथ में उठाना पड़ा। भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिज्ञा भंग होते ही भीष्म पितामह युद्ध बंद करके शरशैया पर लेट गए। महाभारत के युद्ध की समाप्ति पर जब सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण हुए, तब भीष्म पितामह ने अपना शरीर त्याग दिया। इसलिए माघ शुक्ल पक्ष की अष्टमी उनकी पावन स्मृति में उत्सव के रूप में मनाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App