तत्तापानी में बनेगा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, मुख्यमंत्री ने शिमला से दी सौगात

By: Feb 24th, 2021 12:08 am

वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का आगाज, मुख्यमंत्री ने शिमला से दी सौगात

टीम— शिमला, करसोग

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तत्तापानी अब धार्मिक महत्व के साथ साहसिक खेलों के लिए भी पहचान बनाएगा। प्रदेश सरकार ने यहां पर वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी को शुरू कर दिया है, जहां पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचने भी लगे हैं। अब यहां प्रदेश सरकार फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाने पर विचार कर रही है। यह बात मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तत्तापानी के लिए वाटर स्पोर्ट्स का शिमला से वर्चुअली श्री गणेश करते हुए कही। उन्होंने कहा कि तत्तापानी क्षेत्र को सैलानियों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभारा जा सके, इसके लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विभिन्न जलाश्यों में स्पीड बोट, वाटर स्कीइंग, जैट स्कीइंग, स्की बोर्डिंग, वॉटर स्कूटर, क्रूज आदि गतिविधियां आरंभ करेगी। सरकार कोल डैम क्षेत्र में जल परिवहन की संभावनाएं भी तलाशेगी। उन्होंने कहा कि करसोग क्षेत्र में माहूनाग मंदिर, कामाक्षा मंदिर जैसे विभिन्न प्रसिद्ध गंतव्य हैं, जिन्हें पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्तापानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन से लोगों को घर द्वार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस दौरान सीएम ने पर्यटन विभाग के ई-सर्विस पोर्टल को भी जारी किया, जिससे उद्यमियों को अतिथ्य क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं की स्वीकृति जैसी समस्याओं के लिए समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित होंगी। इससे आवेदनकर्ताओं को पंजीकरण, नवीकरण, परियोजना स्वीकृतियां और अनिवार्यता प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।  करसोग के विधायक हीरा लाल ने विभिन्न महत्त्वाकांक्षी योजनाओं के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।  सचिव पर्यटन देवेश कुमार, निदेशक पर्यटन यूनस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

अब ऑनलाइन बुकिंग

मुख्यमंत्री ने हिमाचल भवन नई दिल्ली और चंडीगढ़ तथा हिमाचल सदन नई दिल्ली की बुकिंग के लिए ऑनलाइन सुविधा का भी शुभारंभ किया। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने मंडी क्षेत्र में प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App