मंडी में बोले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पांचों नगर निगमों में लहराएगा भगवा

By: Feb 23rd, 2021 12:08 am

मंडी में बोले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर; विधायक कोई भी हों, जीत हमारी ही होगी

अमन अग्निहोत्री — मंडी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि नगर निगम के चुनावों में पांचों जगह भाजपा परचम लहराएगी। सरकार ने तीन नए नगर निगम बनाए हैं और इनमें से दो जगह कांग्रेस के विधायक हैं। मंडी नगर निगम में विधायक तो हमारे दल के हैं, लेकिन कहीं और हैं और नजर भी नहीं आते है। भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में भी नहीं आए हैं, लेकिन इसके बाद भी पार्टी तीनों नए नगर निगमों के साथ शिमला और धर्मशाला में भी जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर के समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि तीन जगह से नगर निगम बनाने की मांग थी और सरकार ने बना कर दे दिए, लेकिन यहां चुनाव में जीत भाजपा कार्यकर्ता दिलाएंगे। इन तीनों ही नगर निगम में पार्टी के विधायक नहीं हैं। चाहे पालमपुर हो या सोलन, मंडी में विधायक तो हमारे हैं, लेकिन अब अपने नहीं हैं। इसलिए जहां हम जहां नहीं जीत सके, वहां भी भाजपा नगर निगम चुनावों में जीत दर्ज करनी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज चुनाव से जीत का क्रम चला हुआ है और एक संदेश प्रदेश में जा रहा है। कभी भी प्रदेश में भाजपा सरकार रिपीट नहीं हो सकी है। इसलिए इस बार 2022 में सभी ने सरकार को फिर से रिपीट करने के लिए मेहनत करनी है। इसका संदेश अब हम सभी ने देना है। 2022 में भाजपा के बाद फिर से भाजपा की सरकार बनानी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझे कार्यकर्ताओं की मेहनत पर पूरा भरोसा है कि सब मेहनत करेंगे और जीत के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करेंगे।

 सरकार बनने के बाद फिर से सरकार न बनने की परंपरा को भाजपा कार्यकर्ता इस बार तोडे़ंगे और फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बना कर दिखाएंगे। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि काम कम या ज्यादा हुआ है, इस पर अब कार्यकर्ता न जाएं, बल्कि 2022 के लक्ष्य को ध्यान में रख डट जाएं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर, सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक राकेश जम्वाल, सांसद रामस्वरूप शर्मा, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, विधायक इंद्र सिंह गांधी, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, प्रकाश राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन ठाकुर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रियंता शर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष भुवनेश ठाकुर और कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भ्रष्टाचार के बिना चली भाजपा की सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुशासन, संस्कार एवं त्याग भारतीय जनता पार्टी की विशेष पहचान है और इसी कारण कभी दो सांसदों वाला दल आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विश्व का नेतृत्व कर रहा है और अखंड भारत का सपना पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ है। धारा 370, तीन तलाक जैसे निर्णय केवल भाजपा की ही सरकार ले सकती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के बिना भी कोई सरकार चल सकती है, भाजपा ने इसका विश्वास लोगों को दिया है और करके दिखाया है।

2022 में जीत का दावा

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर कार्य करें एवं पंचायतीराज चुनावों से शुरू हुए विजय अभियान को निरंतर जारी रखें। आने वाला समय भी पूरी तरह भाजपा का है और कांग्रेस जैसे भ्रष्ट दलों का राजनीतिक अंत पूरी तरह हो जाएगा। हम शत-प्रतिशत नगर निगम चुनावों में जीतेंगे और 2022 में भी पुनः भाजपा की सरकार बनाएंगे। इससे पूर्व प्रशिक्षण सत्र में जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताईं और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से जनता के बीच इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार करने की अपील की और कहा कि जितना कार्य जयराम सरकार के तीन साल में धरातल पर हुए हैं, उतना शायद ही कभी कोई सरकार करवा पाई हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App