देश में फिर हावी होने लगा कोरोना, पिछले 24 घंटों में 16 हजार से अधिक नए मामले

By: Feb 25th, 2021 12:09 pm

नई दिल्ली — देश में कोरोना महामारी के घटते-बढ़ते प्रकोप के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 16 हजार से अधिक नए मामले सामने आये और 138 लोगों की मौत हो गई। इस बीच देश में अब तक एक करोड़ 26 लाख 71 हजार 163 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में गत 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,742 नए मामले सामने आये और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 10 लाख 46 हजार से अधिक हो गया है।

इस दौरान 11,799 मरीज स्वस्थ हुए जिसे मिलाकर कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ सात लाख 38 हजार 705 हो गई है। सक्रिय मामले 4801 बढ़ गए, जिससे इनकी संख्या अब एक लाख 51 हजार 708 रह गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 138 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख 56 हजार 705 हो गया है। देश में रिकवरी दर घटकर 97.21 और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 1.37 प्रतिशत हो गई है, जबकि मृत्युदर अभी 1.42 फीसदी है।

महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर पहुंच गया है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 5955 सक्रिय मामले बढऩे से इनकी संख्या 60,559 हो गई है। राज्य में 2772 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 20.08 लाख हो गई है, जबकि 80 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51,937 हो गया है।

केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 1796 बढ़कर 53,153 हो गए तथा 5,885 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9.87 लाख हो गया है, जबकि 17 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 4136 हो गई है। कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 6096 हो गए हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12,309 हो गया है तथा अब तक 9.30 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं।

तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4062 रह गई है तथा अभी तक 12,478 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 8.33 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं। पश्चिम बंगाल में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 3377 रह गए हैं और 10,256 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 5.60 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। पंजाब में सक्रिय मामले बढ़कर 3598 हो गए हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.70 लाख से अधिक हो गई है, जबकि 5786 मरीजों की जान जा चुकी है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामले बढ़कर 1137 हो गए हैं, वहीं दो मरीजों की मौत से अब तक मरने वालों की संख्या 10,905 हो गई है, जबकि 6.26 लाख से अधिक मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले बढ़कर 603 रह गये हैं। वहीं 66 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 8.81 लाख से अधिक हो गयी है जबकि 7168 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 3043, राजस्थान में 2785, जम्मू-कश्मीर में 1955, ओडिशा में 1914, उत्तराखंड में 1690, असम में 1092, झारखंड में 1087, हिमाचल प्रदेश में 995, गोवा में 789, पुड्डुचेरी में 666, त्रिपुरा में 391, मणिपुर में 373, चंडीगढ़ में 351, मेघालय में 148, सिक्किम में 135, लद्दाख में 130, नागालैंड में 91, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में 10 तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App