फरवरी माह… और ऊना का पारा 33 डिग्री पार

By: Feb 26th, 2021 12:17 am

सिटी रिपोर्टर- ऊना
प्रदेश के सबसे गर्म जिला ऊना में गर्मी ने फरवरी माह में ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बढ़ती गर्मी ने ऊना में इस बार पिछले 10 सालों का रिकार्ड तोड़ा है। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक जिला मेंं दिन प्रतिदिन बढ़ रहा तापमान मंगलवार को 33 डिग्री पार पहुंच गया, जो कि फरवरी महीने में पहली बार हुआ है। वर्ष 2011 से लेकर 2020 तक किसी भी फरवरी महीने में जिला का तापमान 30 डिग्री को क्रॉस नही कर पाया था। लेकिन इस वर्ष फरवरी महीने में जिला का अधिकत्तम तापमान 33 डिग्री को भी पार कर गया है। विगत दो-तीन दिनों से सुबह सूर्य निकलने के साथ ही धूप चुभना शुरू हो जाती है और शर्ट में भी गर्मी का एहसास होता है। दोपहर तक तो बढ़ती धूप से लोगों के पसीने छूटने लगते हैं। बढ़ती गर्मी से निजात पाने के लिए लोगों ने घरों व कार्यालयों में अभी से पंखे चलाना शुरू कर दिए है। कमरों में बिना पंखा चलाए बैठने से घबराहट हो रही है और लोग गर्म कपड़ों से बाहर हो रहे हैं।

जिला में तापमान बढऩे का एक कारण बारिश ना होना भी माना जा रहा है। बारिश न होने से किसानों के चेहरों पर भी चिंता की लकीरें खिंचना शुरू हो गई हैं। असिंचित क्षेत्रों में गेंहू की फसल मुरझाने लगी है और किसान अब भगवान से बारिश होने की प्रार्थना कर रहे हैं। अगर बारिश नही होती है तो आने वाले दिनों में जिला के तापमान में ओर वृद्धि देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2011 से लेकर वर्ष 2020 तक केवल वर्ष 2016 व 2018 के फरवरी माह में ही जिला का तापमान 30 डिग्री तक पहुंचा था। लेकिन इस वर्ष तो गर्मी ने साल के दूसरे महीने में ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App