दिल्ली में एचआरटीसी की पुरानी बसें बैन, वर्ष 2016 से पहले मेन्युफेक्चर गाडि़यों को एंट्री नहीं

By: Feb 24th, 2021 12:07 am

सुरेंद्र ठाकुर—हमीरपुर

पिछले काफी वर्षों से पोल्यूशन की मार झेल रही देश की राजधानी दिल्ली में अब हिमाचल की पुरानी एचआरटीसी बसों की एंट्री बैन कर दी गई है। दिल्ली सरकार की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक 2016 से पहले मेन्युफेक्चर हुई कोई भी बस दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेगी। इसके पीछे कारण यह बताया जा रहा है कि दिल्ली में क्योंकि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में कोई भी ऐसा वाहन राजधानी के लिए मान्य नहीं होगा, जिसके कारण वातावरण प्रदूषित होता हो। इसलिए केवल बीएस सिक्स मॉडल व्हीकल ही मान्य किए गए हैं। बताते चलें कि राजधानी दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार समय-समय पर कई एक्सपेरिमेंट करती रही है। कभी यहां सीएनजी व्हीकल चलाए गए, तो कभी इलेक्ट्रिक। फिर भी प्रदूषण में कमी नहीं आ रही थी। दिल्ली सरकार ने नोटिस किया कि जो हजारों वाहन रोजाना बाहरी राज्यों से देश की राजधानी में प्रवेश करते हैं, वे भी प्रदूषण की बड़ी वजह हैं, जिसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

 एक अनुमान के अनुसार प्रदेश भर के हिमाचल पथ परिवहन निगम के 27 डिपुओं से रोजाना 100 से अधिक बसें दिल्ली रूट पर चलती हैं। परिवहन निगम के डिपो हमीरपुर के भी चार रूट दिल्ली के लिए बंद चल रहे हैं। इन रूट्स पर वर्ष 2016 से पहले मेन्युफेक्चर बसें चलाई जाए रही थीं। दिल्ली सरकार के निर्देशों के बाद इन चार रूट्स पर अब दिल्ली के लिए बसें नहीं जा रहीं। हमीरपुर डिपो से दिल्ली के लिए आठ रूट चल रहे थे। वर्तमान में चार ही रूट्स पर बसें चल रही हैं, जबकि अवाहदेवी-दिल्ली, सरकाघाट-दिल्ली, हमीरपुर-दिल्ली व हमीरपुर-गुड़गांव रूट बंद चल रहे हैं। इसी तरह निगम के अन्य डिपुओं से भी दिल्ली के लिए निर्धारित कई रूट्स पर बसें नहीं चल रहीं। दिल्ली सरकार के निर्देशों के बाद एचआरटीसी के कई रूट्स दिल्ली के लिए बंद हो गए हैं। निगम के डिपुओं में वर्ष 2016 के बाद की मेनुफेक्चर बसों की कमी के चलते इन रूट्स पर बसें चलाना संभव नहीं हो पा रहा।

प्रवेश होते ही पता चल जाता है मेन्युफेक्चरिंग ईयर

बताया जा रहा है कि दिल्ली की सीमा में प्रवेश होते ही टैग के माध्यम से इस बात को पुख्ता कर लिया जाता है कि बस का मेन्युफेक्चरिंग इयर कौन सा है। ऐसे में दिल्ली की सीमा में उस बस की प्रवेश हो ही नहीं सकता, जिसका 2016 से पहले बनाया गया हो। इसी कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम के कई रूट्स दिल्ली के लिए बंद हो गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App