पेट्रोल ने लगाई दिलों में आग

By: Feb 25th, 2021 12:24 am

कुटलैहड़ कांग्रेस ने हल्ला बोलकर कसा भाजपा सरकार पर तंज; कहा, लंका में 58 तो राम के देश में क्यों हैं पेट्रोल 100 रुपए लीटर, महंगाई पर रोष रैली निकाल जमकर किया प्रदर्शन

उपमंडल बंगाणा में कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी ने देश में बढ़ रही महंगाई को लेकर रोष रैली निकाली। इस दौरान कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ खूब हल्ला बोला। रोष रैली में राज्य कांग्रेस कमेटी के सचिव कर्नल धर्मेंद्र पटियाल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राणा रंजीत सिंह, कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष विवेक शर्मा, कांग्रेस नेता देवेंद्र भुट्टो, कुटलैहड़ कांग्रेस व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश खत्री के अलावा सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस रोष रैली में बंगाणा में ट्रैक्टरों के साथ रैली निकालकर मोदी सरकार और जयराम सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की गई। कर्नल धर्मेंद्र पटियाल ने कहा कि रावण की लंका में तेल 58 रुपए है और जिस देश में भाजपा श्रीराम जी का नारा देकर सत्ता हथियाती है, वहां श्रीराम के देश मे पेट्रोल 100 रुपए लीटर है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की कभी किसानों पर तो कभी महंगाई पर तानाशाही ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। जो अन्नदाता देश को अन्न प्रदान करते है, सरकार उन्हें प्रताडि़त करके अब महंगाई की मार से दबाना चाहती है। अब यहीं देश के किसान और अन्नदाता भाजपा की केंद्र सरकार और राज्य सरकार को उखाड़ फैकेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश वैश्विक महामारी से गुजर रहा है और देश एवं प्रदेश के लाखो युवा बेरोजगार हो चुके है।

किसान अपने हक की लड़ाई के लिए सड़कों पर आंदोलन कर रहा है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार महंगाई को चरम सीमा तक ले जाकर जनता की समस्याओं को ओर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों के सपने बेचने बाली मोदी सरकार सत्ता में आने के बाद क्या यहीं देश की जनता को अच्छे दिन दिखाने थे। कर्नल धर्मेंद्र पटियाल ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार के महंगाई पर अपने गले में प्याज ओर साथ में सिलेंडर रखने वाले बड़े भाजपा नेता अब कहां है। अब उन्हें महंगाई दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि अब सत्ता के नशे में चूर होकर बड़ी गाडिय़ों ओर हेलीकाप्टर में घूमकर उन्हें कहां जमीन दिखाई दे रही है। कर्नल ने कहा कि अगर केंद्र सरकार का यही रवैया रहा तो वह दिन भी दूर नहीं जब देश की 135 करोड़ जनता मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फैंककर विपक्ष की भूमिका के लिए भी नहीं रखेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App