रिज की मजबूती को बड़ा मुकाम

By: Feb 25th, 2021 12:19 am

आईटीआई रूढ़की ने ड्राइंग तैयार कर सौंपी लोनिवि को; स्मार्ट सिटी से खर्च होगा पैसा, 35 करोड़ होंगे खर्च

नगर संवाददाता-शिमला

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान को बचाने के लिए रूढ़की से ड्राइंग मिल चुकी है, अब लोनिवि टेंडर जारी करने जा रहा है। इसके बाद दो चरणों में शिमला की शान रिज को धंसने से बचाने का काम शुरू हो जाएगा। रिज मैदान लगातार धसता जा रहा है। इससे इसके अस्तित्व पर खतरा पैदा हो गया है, जबकि रिज मैदान के नीचे पानी के बड़े-बड़े टैंक भी है ऐसे में अगर रिज धंसता है तो इन टैंकों पर भी सीधा असर पड़ेगा। इससे निगम को भारी क्षति उठानी होगी।

बहरहाल, अभी लोनिवि दावा कर रहा है कि रूढ़की से जो काम की ड्राइंग आनी थी वे पहुंच चुकी है। टेंडर होने के बाद काम शुरू हो जाएगा। टाउन हाल के साथ रिज मैदान का हिस्सा बहुत ज्यादा धंस चुका है। इसे जल्द से जल्द ठीक करने की जरूरत है। अगर ये यहां से धसता है तो यहां पर बड़ा हादसा हो सकता है। रिज मैदान को बचाने का कार्य स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ही किया जाना है। ये कार्य दो चरणों में होगा। पहले चरण में 15 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 20 लाख खर्च होंगे। इन दरारों को भरने के लिए नगर निगम ने लोनिवि को कार्य दिया है। पीडब्ल्यूडी अभी तक इन दरारों को भरने का कार्य शुरू नहीं कर पाया है। विभाग का कहना है कि आईआईटी रूढ़की इस कार्य के लिए ड्राइंग तैयार कर रहा था। यह रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को दे दी गई है। अब इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। इस रिज मैदान के धंसते हिस्से पर कार्य शुरू किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App