खेलो इंडिया विंटर गेम्स में छाए हिमाचली युवा,  कश्मीर में आयोजित खेलों में प्रदेश के होनहारों ने झटके सात मेडल 

By: Mar 3rd, 2021 12:06 am

 टूर्नामेंट में देश भर के 1200 खिलाडि़यों ने दिखाया दम

निजी संवाददाता— मनाली

हिमाचल के मनाली की रहने वाली बेटी आंचल ठाकुर ने स्की के क्षेत्र में छोटी सी आयु में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। बचपन से ही पिता के साथ स्की खेलने का शौक रखने वाली बेटी आज सोलंग की ढलानों में खेलते-खेलते देश-दुनिया में नाम कमा चुकी है। मनाली की इस बेटी ने जहां पिछले दिनों विदेश में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी। वहीं, एक बार फिर आंचल ठाकुर ने दो और गिरिराज ने कश्मीर में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स में एक गोल्ड जीतकर प्रदेश का नाम चमकाया। खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हिमाचल ने सात पदक पर कब्जाए। युवा सेवा खेल मंत्रालय और जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल ने चार दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया था। इसमें देश के 27 राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों से 1200 खिलाडि़यों ने भाग लिया। स्कीइंग अल्पाइन महिला वर्ग में तीनों स्थान हिमाचल ने झटके हैं। मनाली की आंचल ने गोल्ड, वर्षा ने सिल्वर व तनुजा ने ब्रांज मेडल हासिल किया।

 प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में हिमांशु ठाकुर ने ब्रांज मेडल प्राप्त किया। महिलाओं की सलालम प्रतियोगिता में आंचल ठाकुर ने गोल्ड, संध्या ठाकुर ने सिल्वर और वर्षा ठाकुर ने ब्रांज मेडल पर कब्जा जमाया। स्की एंड माउंटनेरिंग में लांग डिस्टेंस में गिरीराज ने गोल्ड, सन्नी ठाकुर ने ब्रांज तथा वर्टिकल में गिरीराज ने ब्रांज मेडल हासिल किया। खेम ने स्कीइंग एंड माउंटनेरिंग में सिल्वर मेडल जीता। हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लुदर ठाकुर ने बताया कि कश्मीर में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हिमाचल ने सात पदक जीते हैं। स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के महासचिव रूप चंद नेगी ने बताया की शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने को स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया बेहतर प्रयास कर रहा है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर व खेल मंत्री राकेश पठानिया ने विजेता खिलाडि़यों को बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App