LPG: फिर बढ़े रसोई गैस के दाम, चौथी बार 25 रुपए हुआ इजाफा

By: Mar 1st, 2021 1:11 pm

नई दिल्ली — सरकारी तेल कंपनियों ने आज गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। 14.2 किलोग्राम के बिना सबसिडी वाले सिलेंडर के दाम में 25 रुपए तक का इजाफा किया गया है। दिल्ली में बिना सबसिडी वाला गैस सिलेंडर अब 25 रुपए महंगा होकर 819 रुपए हो गया है, पहले ये 794 रुपए था। 2021 में ही रसोई गैस सिलेंडर 125 रुपए महंगा हुआ है।

पहली जनवरी को इसकी कीमत 694 रुपए थी जो अब 819 रुपए है। बताते चलें कि फरवरी में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 3 बार बढ़े थे। सरकार ने चार फरवरी को गैस सिलेेंडर के दाम में 25 रुपए का इजाफा किया था। उसके बाद 15 फरवरी को 50 रुपए और 25 फरवरी को 25 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।

पहली दिसंबर से अब तक 225 रुपए महंगा हुआ

1 दिसंबर को घरेलू गैस सिलेंडर 594 रुपए से बढ़कर 644 रुपए हुए थे। पहली जनवरी को फिर से 50 रुपए बढ़ाए गए, जिसके बाद 644 रुपए वाला सिलेंडर 694 रुपए हो गया। चार फरवरी को की गई बढ़ोत्तरी के बाद इसकी कीमत 694 रुपए से बढ़कर 719 रुपए हो गई है। 15 फरवरी को 719 रुपए से 769 रुपए हुई और 25 फरवरी को 25 रुपए दाम बढऩे से इसकी कीमत 769 रुपए से 794 रुपए पर आ गई थी। अब आज की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 819 रुपए पर पहुंच गई है।

कमर्शियल गैस सिलेंडर भी हुआ महंगा

19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर 90.50 रुपए महंगा हुआ है। अब दिल्ली में इस सिलेंडर की कीमत 1614 रुपए हो गई है। उसी तरह मुंबई का रेट अब 1563.50 रुपए प्रति सिलिंडर हो गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App