स्टेट से सिलेक्ट रेसलर जाएंगे नोएडा

दो अप्रैल से होनी है ब्वायज की नेशनल स्पर्धा, कर्नाटक में होगी लड़कियों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता

  निजी संवाददाता-सरकाघाट

हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डा. संजय कुमार यादव परशुराम अवार्डी ने  बताया कि जूनियर और सब जूनियर कैडेट राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं की तिथियां घोषित हो चुकी हैं, जिसके चलते राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता रविवार 28 फरवरी 2021 को करवाई गई। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता सब जूनियर कैडेट की लड़कों एवं लड़कियों की तथा जूनियर सिर्फ  लड़कियों की ही इस तिथि को करवाई गई है। राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में जीतने वाले कैडेट पहलवानों की राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2 अप्रैल से 4 अप्रैल उत्तर प्रदेश नोएडा में होगी और कैडेट तथा जूनियर लड़कियां जो राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में जीते उनका चयन कर्नाटका में होने वाले राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता जो कि मार्च 19 से 21 मार्च तक करवाई जा रही है, के लिए किया गया है। इस बार वे कैडेट खिलाड़ी व पहलवान भाग ले पाए हैं, जिनका  जन्म 2004, 2005 और 2006 को  हुआ  है।

जूनियर खिलाडिय़ों के लिए जन्म तिथि 2001, 2002 और 2003 रखी गई। कैडेट लड़के और  लड़कियां और जूनियर लड़कियां  दोनों ही प्रकार की दस-दस  वेट कैटेगरी में  कुश्तियां  करवाई  गईं। प्रतियोगिता का स्थान राजकीय उच्च पाठशाला पनौल, जिला बिलासपुर प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्र के जाने माने पहलवान  भीखाराम  निक्का राम के द्वारा किया गया। साथ में विशेष रूप से प्रदेश कुश्ती संघ के कार्यकारी अध्यक्ष परशुराम अवार्डी डा. संजय कुमार यादव प्रकाश पहलवान, जगदीश चौहान पहलवान तथा प्रदेश  के महासचिव परशुराम अवार्डी जगदीश कुमार आदि उपस्थित रहे। कोविड 19 महामारी बचाव की दृष्टि से सभी नियमों को ध्यान में रखा गया और सभी पहलवानों एवं निर्णायक मंडल तथा अधिकारियों के पास अपना मास्क एवं सेनेटाइजर होना बहुत जरूरी था। प्रतियोगिता  में लाहुल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के सभी दस जिलों से लगभग  200  पहलवानों ने शिरकत की।