सुखविंदर सुक्खू ने बोला हमला : जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल

By: Mar 8th, 2021 12:08 am

बल्ह में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने बोला हमला; विकास हुआ, तो सिर्फ सराज में

निजी संवाददाता — गागल

बल्ह उपमंडल के भड़याल में आयोजित युवा पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान नादौन विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्तमान प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उसे हर मोर्चे पर विफल करार दिया। सुक्खू का यहां पहुंचने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन बलदेव ठाकुर निदेशक दि सीडी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी तथा खांदला पंचायत प्रधान के सौजन्य से आयोजित था, जिसमें उन्होंने अपने राजनीतिक दमखम का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया। सुक्खू ने वर्तमान जयराम सरकार पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए कहा कि मंडी जिला को पहली बार अपने जिले का मुख्यमंत्री मिला, लेकिन तीन वर्ष से ऊपर के समय बीत जाने पर भी मंडी निवासी अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। पूरे प्रदेश की तो बात छोड़ ही दो, मंडी जिला में भी अगर थोड़ा-बहुत विकास हुआ है, तो केवल एक विधानसभा क्षेत्र में हुआ है और वह है मुख्यमंत्री का गृह विधानसभा क्षेत्र सराज।

  मंडी की जनता ने मंडी के दस विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा को जिताया, लेकिन उन्हें केवल सपने दिखाए गए। बजट में 30 हजार नौकरियां प्रदान करने की बात की जा रही है, उसमें भी अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने की कोशिशें अभी से चालू हो गई हैं। उन्होंने बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को खूब घेरा। विधानसभा में राज्यपाल प्रकरण पर भी उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग में हुए करोड़ों रुपए के घोटालों पर भी उन्होंने सरकार को खूब कोसा। इस आयोजन में वर्तमान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी सहित बहुत से वरिष्ठ कांग्रेसियों का अनुपस्थित रहना बल्ह कांग्रेस में खेमेबाजी का स्पष्ट संकेत दे गया। कार्यक्रम में सुखविंदर सिंह सुक्खू को अगले मुख्यमंत्री के रूप में भी प्रोजेक्ट करने की भरपूर कोशिश रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App